एशेज जीतने के करीब ऑस्ट्रेलिया महिला टीम, इंग्लैंड को अब हर हाल में जीतने होंगे इतने मुकाबले

एशेज जीतने के करीब ऑस्ट्रेलिया महिला टीम, इंग्लैंड को अब हर हाल में जीतने होंगे इतने मुकाबले

ऑस्ट्रेलिया को महिला एशेज जीतने के लिए अब सिर्फ 2 और अंक चाहिए।

AUS-W vs ENG-W (Photo Source: Getty Images)
AUS-W vs ENG-W (Photo Source: Getty Images)

ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने महिला एशेज 2025 की वनडे सीरीज के आखिरी मैच में इंग्लैंड महिला टीम को 86 रनों से हराकर सीरीज में क्लीन स्वीप किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली थी, जबकि इंग्लैंड की टीम केवल सम्मान बचाने के लिए खेल रही थी।

टॉस और पहली पारी

ऑस्ट्रेलिया की कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शुरुआत में मेजबान टीम के शीर्ष क्रम को दबाव में रखा और स्कोर को 59/4 तक पहुंचा दिया। इसके बाद बेथ मूनी (64 गेंदों में 50 रन) और ताहलिया मैक्ग्रा (45 गेंदों में 55 रन) ने शानदार अर्धशतक जड़े। लेकिन दिन की असली हीरो रहीं ऑलराउंडर एश्ली गार्डनर, जिन्होंने अपने करियर का पहला वनडे शतक (102 रन, 101 गेंदों में) बनाया। गार्डनर की इस पारी ने ऑस्ट्रेलिया को सम्मानजनक स्कोर 308 तक पहुंचाया।

इंग्लैंड की पारी

308 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत धीमी रही। हालांकि, टैमी ब्यूमोंट (77 गेंदों में 54 रन) और नैट सिवर-ब्रंट (68 गेंदों में 61 रन) ने कुछ हद तक संघर्ष दिखाया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान देने में असफल रहे। इंग्लैंड की टीम 222 रनों पर ऑलआउट हो गई और मुकाबला 86 रनों से हार गई।

ऑस्ट्रेलिया के लिए गेंदबाजी में अलाना किंग ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी घातक लेग स्पिन से 8.2 ओवर में 46 रन देकर 5 विकेट झटके। उनकी इस प्रदर्शन ने इंग्लैंड को बड़े स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया।

एशेज जीतने के लिए ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 2 और अंक की जरूरत

ऑस्ट्रेलिया को महिला एशेज जीतने के लिए अब सिर्फ 2 और अंक चाहिए। भले ही वे टी20 सीरीज 3-0 से हार जाएं और टेस्ट ड्रॉ हो जाए, तब भी यह उनके लिए एशेज जीतने के लिए पर्याप्त होगा। दूसरी ओर, इंग्लैंड के लिए चुनौती अब और कठिन हो गई है। उन्हें एशेज जीतने के लिए अब बाकी के सभी 4 मुकाबले (3 टी20 और 1 टेस्ट) जीतने होंगे। फिलहाल यह सपना थोड़ा दूर की कौड़ी नजर आ रहा है।

हालांकि, टी20 एक ऐसा फॉर्मेट है जो सबसे मजबूत टीमों के बीच के अंतर को भी कम कर देता है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इंग्लैंड अगले हफ्ते मजबूत वापसी करेगा। 3 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला सोमवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर खेला जाएगा।

close whatsapp