यूपी सरकार ने दीप्ति शर्मा को नियुक्त किया DSP, भारतीय खिलाड़ी का सभी से महत्वपूर्ण वादा
दीप्ति शर्मा को यूपी का डीएसपी नियुक्त किया गया है।
अद्यतन - Jan 30, 2025 2:59 pm

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हमेशा ही काफी अच्छा रहा है। दीप्ति शर्मा ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं बल्कि गेंदबाजी से भी कई मुकाबलों में टीम इंडिया की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दीप्ति शर्मा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक है।
दीप्ति शर्मा का जन्म आगरा में हुआ था और उन्हें अब उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण पद सौंपा गया है। दीप्ति शर्मा को यूपी का डीएसपी नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने भारतीय खिलाड़ी को उनके योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया है।
दीप्ति ने यूपी पुलिस में DSP का पद संभालने के बाद पुलिस यूनिफॉर्म में अपनी एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘मैं इस उपलब्धि को हासिल करके बहुत आभारी हूं! मैं अपने परिवार को दिल से धन्यवाद देना चाहती हूं, जिनका अटूट समर्थन और आशीर्वाद मेरी प्रेरणा शक्ति रही। मैं सेवा करने के इस अवसर के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की भी आभारी हूं।’
उन्होंने इस पोस्ट में आगे लिखा, ‘उत्तर प्रदेश पुलिस में डीएसपी के रूप में इस नई भूमिका को संभालते हुए, मैं अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह से समर्पित होने और ईमानदारी के साथ सेवा करने का वादा करती हूं। आप सभी के समर्थन के लिए एक बार फिर धन्यवाद!’ उन्होंने इस पोस्ट के साथ #जयबाजरंगबली #UPPolice #DSP #NewChapter’ जैसे हैश टैग भी अपने इस इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखे।
यह रहा दीप्ति शर्मा का पोस्ट:
दीप्ति शर्मा ने 2024 में टीम इंडिया की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे
बता दें कि, दीप्ति शर्मा ने 2024 में महिला वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। उन्होंने वनडे में 24 विकेट झटके थे, जबकि टी20 फॉर्मेट में 30 विकेट अपने नाम किए थे। महिला प्रीमियर लीग 2025 में इस धाकड़ ऑलराउंडर को यूपी वॉरियर्स की ओर से धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए देखा जाएगा।
दीप्ति शर्मा से पहले भारतीय पुरुष टीम के शानदार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को तेलंगाना का डीएसपी नियुक्त किया गया था। यही नहीं तेलंगाना सरकार ने उन्हें हैदराबाद के जुबली हिल्स में रोड नंबर 78 के पास 600 स्क्वायर गज जमीन भी दी थी।