‘काफी तीखे गेंदबाज हो’, हिमांशु सांगवान ने विराट कोहली के प्रोत्साहन मैसेज को लेकर किया बड़ा खुलासा
इस मैच को दिल्ली ने एक पारी और 19 रन से अपने नाम किया।
अद्यतन - Feb 3, 2025 8:51 pm

रणजी ट्रॉफी के इस सीजन के सांतवे राउंड का शानदार मैच दिल्ली और रेलवे के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को दिल्ली ने एक पारी और 19 रन से अपने नाम किया। रेलवे के बाकी खिलाड़ी भले ही इस मैच में अपनी छाप ना छोड़ पाए हो, लेकिन बेहतरीन तेज गेंदबाज हिमांशु सांगवान ने घातक गेंदबाजी करते हुए तमाम फैंस का दिल जीत लिया।
हिमांशु सांगवान ने इस मैच में विराट कोहली का विकेट झटका, जिन्होंने 12 साल के लंबे अंतराल के बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी की थी। विराट कोहली इस मैच में बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे। मैच खत्म होने के बाद हिमांशु सांगवान ने खुलासा किया कि विराट कोहली ने युवा खिलाड़ी की जमकर प्रशंसा की और उनके प्रोत्साहित संदेश भी उनको काफी अच्छे लगे।
द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत करते समय हिमांशु सांगवान ने कहा कि, ‘जब मैंने विराट कोहली को गेंद साइन करने के लिए दी थी तो उन्होंने मुझसे पूछा क्या यह वही गेंद थी, जिससे मैंने उन्हें आउट किया था। क्या गेंद थी यार मजा आ गया। काफी तीखे गेंदबाज हो। ऐसे ही मेहनत करते रहो, आपको आपके भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।’
यह हमारे लिए काफी स्पेशल था: हिमांशु सांगवान
हिमांशु सांगवान ने इस बात का भी खुलासा किया कि विराट कोहली का विकेट उनकी जिंदगी का सबसे महत्वपूर्ण विकेट था। युवा तेज गेंदबाज ने आगे कहा कि, ‘यह मेरी जिंदगी का सबसे महत्वपूर्ण विकेट है। इसमें कोई शक नहीं है। विराट कोहली पूरे देश के लिए Inspiration है। पहली बार मैंने अपनी जिंदगी में यह देखा है कि रणजी ट्रॉफी के किसी मैच के लिए इतने लोग स्टेडियम में आए थे। यह हम सबके लिए काफी स्पेशल था।’
बता दें कि, रेलवे की ओर से इस सीजन में हिमांशु सांगवान ने 11 पारियों में 24.27 की औसत से 18 विकेट झटके हैं। उनकी गेंदबाजी की तमाम लोगों ने जमकर प्रशंसा की है।