जानें चैंपियंस ट्राॅफी में कौन हो सकता है इंग्लैंड क्रिकेट टीम का बेस्ट बल्लेबाज, गेंदबाज और ऑलराउंडर?
19 फरवरी से शुरू हो रही है चैंपियंस ट्राॅफी 2025
अद्यतन - फरवरी 16, 2025 7:47 अपराह्न

इस बार आईसीसी चैंपियंस ट्राॅफी 2025 की शुरुआत 19 फरवरी से हो रही है और टूर्नामेंट हाइब्रिड माॅडल के तहत पाकिस्तान और दुबई की सह-मेजबानी में खेला जाएगा है। पहला मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
दूसरी ओर, 2004 चैंपियंस ट्राॅफी सीजन की उपविजेता इंग्लैंड पहली बार टूर्नामेंट को अपने नाम करने के इरादे से खेलने उतरेगी। 8 देशों के बीच खेले जाने वाले टूर्नामेंट में इंग्लिश टीम की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर के हाथों में होगी। इंग्लैंड को ग्रुप बी अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के साथ रखा गया है।
चैंपियंस ट्राॅफी में इंग्लैंड अपने पहले मैच में 22 फरवरी को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया का सामना करने वाली है। खैर, इस खबर में हम आपको उन 3 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो टीम के लिए बेस्ट बल्लेबाज, गेंदबाज और ऑलराउंडर साबित हो सकते हैं। तो चलिए शुरू करते हैं:
England Squad for ICC Champions Trophy 2025
जोस बटलर (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्से, बेन डकेट, जेमी ओवरटन, जेमी स्मिथ, लियाम लिविंगस्टोन, आदिल रशीद, जो रूट, साकिब महमूद, फिल साल्ट, मार्क वुड।
चैंपियंस ट्राॅफी में इंग्लैंड का बेस्ट बल्लेबाज- Joe Root
आगामी चैंपियंस ट्राॅफी में इंग्लैंड के लिए पूर्व कप्तान व अनुभवी बल्लेबाज जो रूट बेस्ट बल्लेबाज साबित हो सकते हैं। रूट की फाॅर्म इस समय काफी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसके अलावा उन्होंने हाल में ही भारत के खिलाफ खत्म हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था। इंग्लैंड का प्रदर्शन रूट की बल्लेबाजी पर काफी निर्भर करता है। रूट ने इंग्लैंड के लिए खेले गए 174 वनडे मैचों में 47.39 की औसत से कुल 7648 रन बनाए हैं।
चैंपियंस ट्राॅफी में इंग्लैंड का बेस्ट गेंदबाज- Jofra Archer
घातक और तेज गेंदबाजी के लिए मशहूर जोफ्रा आर्चर आगामी चैंपियंस ट्राॅफी में टीम के लिए बेस्ट गेंदबाज साबित हो सकते हैं। दुबई और पाकिस्तान में आर्चर की 140+ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार का सामना करना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं रहने वाला है। आर्चर इंग्लैंड के लिए खेले गए 28 वनडे मैचों में 25.42 की किफायती औसत से कुल 48 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
चैंपियंस ट्राॅफी में इंग्लैंड का बेस्ट ऑलराउंडर- Liam Livingstone
लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए मशहूर लियाम लिविंगस्टोन इंग्लैंड के लिए चैंपियंस ट्राॅफी में बेस्ट ऑलराउंडर साबित हो सकते हैं। हालांकि, इंग्लैंड ने ऑलराउंडर के तौर पर ब्रायडन कार्से और गस एटकिंसन को भी शामिल किया है, लेकिन लिविंगस्टोन की बल्लेबाजी उन्हें खास बनाती है। वह तेज और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए विश्व प्रसिद्ध हैं। इसके अलावा गेंद को दोनों ओर घुमाने की कला लिविंगस्टोन को बेहतरीन ऑलराउंडर बनाती है।