VHT Final: स्मरन रविचंद्रन की शतकीय पारी के दम पर कर्नाटक ने विदर्भ के सामने जीत के लिए रखा 349 रनों का लक्ष्य - क्रिकट्रैकर हिंदी

VHT Final: स्मरन रविचंद्रन की शतकीय पारी के दम पर कर्नाटक ने विदर्भ के सामने जीत के लिए रखा 349 रनों का लक्ष्य

कर्नाटक के लिए Smaran Ravichandran ने खेली 101 रनों की शानदार पारी

Vijay Hazare Trophy 2024-25 final Karnataka vs Vidarbha (Image Credit- Twitter X)
Vijay Hazare Trophy 2024-25 final Karnataka vs Vidarbha (Image Credit- Twitter X)

Vijay Hazare Trophy 2024-25: भारत का जारी घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्राॅफी अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। बता दें कि जारी सीजन का फाइनल मैच आज 18 जनवरी, शनिवार को कर्नाटक और विदर्भ (Karnataka vs Vidarbha) के बीच वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जा रहा है।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने वाली कर्नाटक ने 6 विकेट के नुकसान पर कुल 348 रन बनाए हैं, और विदर्भ के सामने जीत के लिए एक मजबूत लक्ष्य रखा है। कर्नाटक की ओर से 21 वर्षीय युवा स्मरन रविचंद्रन ने 92 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 101 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, और टीम को एक मजबूत लक्ष्य तक पहुंचाने में मदद की।

कर्नाटक और विदर्भ फाइनल, पहली पारी का हाल

मुकाबले की पहली पारी के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो विदर्भ ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए कर्नाटक ने निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर कुल 348 रन बनाए। हालांकि, टीम को पहला झटका छठे ओवर में लगा, जब इनफाॅर्म देवदत्त पडिक्कल 8 रन बनाकर कैच आउट हो गए। इसके अलावा कप्तान मयंक अग्रवाल (31) भी फाइनल में प्रभाव छोड़ने में असफल रहे।

हालांकि, मिडिल ऑर्डर के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर कर्नाटक ने एक मजबूत लक्ष्य मैच में विदर्भ के सामने जीत के लिए रखा। मिडिल ऑर्डर में स्मरन रविचंद्रन ने 101 रनों की पारी खेली, तो विकेटकीपर कृष्णन श्रीजीत (78) और अभिनव मनोहर (79) ने भी उपयोगी अर्धशतकीय पारियां खेलीं। तो वहीं, अंत में हार्दिक राज 12* और श्रेयस गोपाल 3* रन बनाकर नाबाद रहे।

दूसरी ओर, विदर्भ की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो दर्शन नालकंडे और निखित भूटी को 2-2 सफलता मिली। इसके अलावा यश ठाकुर और यश कर्दम को 1-1 विकेट मिला। देखने लायक बात होगी कि क्या कर्नाटक टीम से मिले 349 रनों के मजबूत लक्ष्य का, विदर्भ पीछा कर पाती है या नहीं?

close whatsapp