CT2025: एक बार फिर फ्लॉप हुए 'किंग' कोहली, बांग्लादेश के खिलाफ भी बड़ा स्कोर बनाने में रहे नाकाम - क्रिकट्रैकर हिंदी

CT2025: एक बार फिर फ्लॉप हुए ‘किंग’ कोहली, बांग्लादेश के खिलाफ भी बड़ा स्कोर बनाने में रहे नाकाम

विराट कोहली बांग्लादेश के खिलाफ भी बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और 28 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए।

Virat Kohli (Pic Source-X)
Virat Kohli (Pic Source-X)

भारत और बांग्लादेश के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का दूसरा मैच दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है,जहां बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 228 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने शुरुआत तो काफी अच्छी की, लेकिन उन्होंने दो विकेट महत्वपूर्ण समय पर खो दिए हैं।

भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर स्पिन के खिलाफ फ्लॉप हुए हैं। वह बांग्लादेश के खिलाफ भी बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और 28 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। विराट का विकेट बांग्लादेश के स्पिनर रिशद हुसैन ने झटका।

रिशद हुसैन की गेंद पर भारतीय बल्लेबाज कट मारना चाह रहे थे। हालांकि, गेंद बल्ले पर सही से नहीं आई और कोहली फील्डर के हाथ में ही कैच थमा बैठे। कोहली अपनी इस पारी में सिर्फ एक ही चौका जड़ पाए।

पिछले काफी समय से विराट कोहली अपने बेहतरीन फॉर्म में नजर नहीं आए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में भी कोहली अपनी छाप नहीं छोड़ पाए थे। तमाम फैन्स को उम्मीद थी कि बांग्लादेश के खिलाफ वह बड़ा स्कोर जरूर बनाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

टीम इंडिया को जीत के लिए 229 रनों की जरूरत

विराट कोहली के अलावा भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने 41 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। भले ही टीम इंडिया को दो बड़े झटके लग चुके हैं, लेकिन वह अभी भी मैच में बनी हुई है। बता दें कि टीम इंडिया को जीत के लिए 50 ओवर में 229 रन बनाने हैं।

टीम के लिए अच्छी बात यह है कि शुभमन गिल क्रीज पर जमे हुए हैं। भले ही बांग्लादेश के खिलाफ विराट कोहली बड़ा स्कोर ना बना पाए हो, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ 23 फरवरी को होने वाले मैच में उन्हें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देखा जा सकता है।

close whatsapp