“मुझे कभी नहीं लगा कि, वो…..”- पाक के खिलाफ मैच जीतने के बाद अय्यर ने विराट कोहली को लेकर किया बड़ा खुलासा
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में विराट कोहली ने 100 रन की नाबाद पारी खेली।
अद्यतन - फरवरी 24, 2025 11:47 पूर्वाह्न

भारत ने रविवार, 23 फरवरी को दुबई में खेले गए महामुकाबले में पाकिस्तान को बुरी तरह से रौंदा। भारत ने इस जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह भी लगभग पक्की कर ली है। इस मैच में गेंदबाजी बल्लेबाजी फील्डिंग सभी डिपार्टमेंट में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी में विराट कोहली ने नाबाद शतक लगाया, वहीं श्रेयस ने 67 गेंद में 56 रनों की पारी खेली।
श्रेयस अय्यर ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच जीतने के बाद विराट कोहली की जमकर तारीफ की। उन्होंने खुलासा किया कि विराट पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले बाकी खिलाड़ियों के मुकाबले एक घंटा पहले ही प्रैक्टिस करने पहुंच गए थे।
श्रेयस ने मैच के बाद हुए प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि, ‘‘मैंने पाकिस्तान के खिलाफ उतने मैच नहीं खेले तो मुझे नहीं पता कि कैसा लगता, लेकिन यह दोनों टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण था। पाकिस्तान के खिलाफ कोई भी जीत बहुत खास होती है क्योंकि मैच में हमेशा कड़ी टक्कर देखने को मिलती है। यह बड़ी चुनौती है क्योंकि काफी दबाव भी होता है। यह पाकिस्तान के खिलाफ मेरा तीसरा मैच था।”
विराट कोहली को लेकर श्रेयस अय्यर ने कही दिल छू लेने वाली बात
श्रेयस अय्यर ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी खेलने वाले विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि, ‘‘मुझे कभी नहीं लगा कि विराट रनों के लिए जूझ रहे हैं। वह हमेशा रनों के लिए भूखे रहते हैं। मुझे याद है कि कल प्रैक्टिस के लिए वह हमसे एक घंटा पहले आ गए थे और कुछ गेंद खेली जिसमें वह जबरदस्त फॉर्म में लग रहे थे, हमेशा की तरह।”
श्रेयस ने अपनी बातचीत के दौरान उन सभी खबरों को खारिज किया जिसमें ये कहा जा रहा था कि कप्तान रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अनफिट हैं, चूंकि दोनों पाकिस्तान के खिलाफ फील्डिंग करने के दौरान दोनों प्लेयर्स कुछ देर के लिए बाहर गए थे। उन्होंने कहा , ‘‘जहां तक मुझे पता है, दोनों ठीक हैं। कोई भी फिटनेस समस्या नहीं है।” बता दें, भारत का अगला मैच 2 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ होना है।