Champions Trophy 2025: सेमीफाइनल में किस टीम से होगा भारत का मैच, क्या है पूरा समीकरण, जानिए यहां
ग्रुप ए से भारत और न्यूजीलैंड की टीमें पहुंची हैं चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में।
अद्यतन - Mar 1, 2025 12:24 pm

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल की दौड़ पूरी तरह खत्म हो गई है, राउंड-रॉबिन ग्रुप स्टेज में अभी दो मैच बचे हुए हैं। हालांकि, ग्रुप स्टेज के अंतिम दो मुकाबलों को लेकर उत्साह चरम पर है, क्योंकि इन दो मुकाबलों के बाद ही पता चल पाएगा कि सेमीफाइनल में किसका मुकाबला किस टीम से होगा।
शनिवार को लाहौर में बारिश के कारण ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान का मैच रद्द होने के बाद दोनों टीमों के अंक बांटने से ग्रुप बी में सेमीफाइनल का समीकरण कुछ हद तक सॉफ हो गया है। चार अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में जगह पक्की करने वाली ग्रुप बी से पहली टीम बन गई। अफगानिस्तान, जिसने इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, वो अब टॉप-4 की रेस से लगभग बाहर हो गई है।
इंग्लैंड के खिलाफ 325 रनों के टारगेट को डिफेंड करने के बाद अफगानिस्तान ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया। अफगान टीम ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 273 रन बनाए। हालांकि, लाहौर में बारिश के कारण खेल बाधित होने से पहले ऑस्ट्रेलिया केवल 12.5 ओवर में 1 विकेट पर 109 रन बना चुका था और मैच में आगे था। अगर बारिश ने खलल नहीं डाला होता तो अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ सकता था।
अब ये लगभग तय है कि ग्रुप भी से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब हो जाएगी। अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि, सेमीफाइनल में किस टीम का मुकाबला किससे होगा और भारत का मैच किस टीम के खिलाफ होगा। तो आइए हम आपको इसकी जानकरी देते हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल के समीकरण
ग्रुप ए के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहनी वाली टीम का सेमीफाइनल में ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से मुकाबला होगा। जबकि ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप बी के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी। नतीजा चाहे जो भी हो, भारत पहला सेमीफाइनल दुबई में खेलेगा। ग्रुप ए से भारत और न्यूजीलैंड दोनों सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।
रविवार को अंतिम लीग गेम में दोनों टीमें भिड़ेंगी और जो भी टीम उस मैच को जीतेगी वो पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहेगी। मौजूदा स्थिति के अनुसार, न्यूजीलैंड भारत से बेहतर नेट रन रेट के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर है। यदि ऑस्ट्रेलिया ग्रुप बी में टॉप पर रहता है और भारत अपना अंतिम ग्रुप ए गेम न्यूजीलैंड के खिलाफ हार जाता है, तो दुबई में सेमीफाइनल ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच होगा।
यदि दक्षिण अफ्रीका इंग्लैंड को हराकर ग्रुप बी में टॉप पर है और भारत अपना अंतिम ग्रुप ए गेम हार जाता है, तो यह दुबई में भारत और दक्षिण अफ्रीका का सेमीफाइनल होगा। हालांकि, यदि भारत अपना अंतिम ग्रुप ए गेम न्यूजीलैंड के खिलाफ जीतता है और दक्षिण अफ्रीका अपना अंतिम ग्रुप बी गेम इंग्लैंड के खिलाफ जीतता है, तो सेमीफाइनल दुबई में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगा।