23.75 करोड़ वाले खिलाड़ी ने दिलाई KKR को बड़ी जीत, इससे पहले रहे थे फ्लॉप
वेंकटश अय्यर ने कोलकाता के लिए खेली मैच विनिंग पारी।
अद्यतन - मई 21, 2026 1:26 अपराह्न

स्टार खिलाड़ियों से सजी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम की शुरुआत इस सीजन शानदार हुई थी। लेकिन वो अपने उस शानदार प्रदर्शन को अगले मुकाबलों में जारी नहीं रख पाए। आईपीएल में 3 अप्रैल को उनका सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हुआ, जहां उन्हें 80 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा। पिछले कुछ मैचों उनकी टीम का प्रदर्शन जिस तरह का रहा है, इससे फैंस बेहद निराश हैं। केकेआर के इस जीत के नायक वेंकटेश अय्यर रहे। उन्होंने अपने बल्ले से मैच का रुख पलट दिया।
वेंकटेश अय्यर ने अपने बल्ले से पलट दिया मैच
कोलकाता ने हैदराबाद के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी की। वेंकटेश अय्यर ने इस मैच में 29 गेंदों में 60 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए। उनके अलावा अंगकृष रघुवंशी ने भी 32 गेंदों में 50 रन बनाए, लेकिन अय्यर की पारी का इंपैक्ट सबसे ज्यादा था इसलिए उन्हें इस मैच के लिए प्लेयर ऑफ द डे कहा जाए तो गलत नहीं होगा। बल्लेबाजों के अलावा गेंदबाजों ने भी KKR की इस जीत में अहम योगदान दिया।
KKR vs SRH मैच का हाल
कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 200 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत खराब रही। टीम ने 16 रन के अंदर ही दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। क्विंटन डिकॉक एक और नरेन 7 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अजिंक्य रहाणे और रघुवंशी के बीच 81 रन की साझेदारी हुई। रहाणे 27 गेंद में 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अंगकृष रघुवंशी 32 गेंद में 50 रन बनाकर लौटे। वेंकटेश अय्यर ने 29 गेंद में 60 रन ठोके।
201 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की भी शुरुआत खराब रही। दो ओवर के अंदर ही अभिषेक और हेड पवेलियन लौट गए। हेड ने 4 और अभिषेक ने दो रन बनाए। ईशान किशन दो और नितीश कुमार रेड्डी 19 रन बनाकर आउट हुए। कामिंदु मेंडिस 27 और अनिकेत वर्मा 6 रन बनाकर आउट हुए। हेनरिक क्लासेन ने 21 गेंद में 33 रन बनाए। पैट कमिंस 14 और सिमरजीत बिना खाता खोले लौटे। कोलकाता की ओर से वैभव और वरुण ने 3-3 विकेट लिए।