वाशिंगटन सुंदर को नंबर-4 पर भेजने के पीछे कौन था मास्टरमाइंड? मैच के बाद हुआ बड़ा खुलासा
वाशिंगटन सुंदर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नंबर-4 पर बैटिंग करते हुए 29 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 49 रन की शानदार पारी खेली।
अद्यतन - Apr 7, 2025 10:05 am

आईपीएल 2025ः गुजरात टाइटंस ने अपने पिछले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को उनके घर पर 7 विकेट से शिकस्त दी। यह टीम की जारी सीजन में लगातार तीसरी जीत है, जिसके बाद GT पॉइंट्स टेबल पर दूसरे स्थान पर आ गई है। गुजरात की जीत में सबसे बड़ी भूमिका मोहम्मद सिराज (4/17) और कप्तान शुभमन गिल (61*) की रही। लेकिन इस जीत का क्रेडिट वाशिंगटन सुंदर को भी दिया जाना चाहिए, जिन्होंने चार नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 49 रन की विस्फोटक पारी खेली।
मैच के बाद हर कोई जानना चाहता है कि सुंदर को बैटिंग ऑर्डर में क्यों प्रमोट किया गया? और यह आखिर किसका फैसला था? इस बीच, मैच के बाद ऑलराउंडर ने खुद इस राज से पर्दा उठा दिया है।
हेड कोच आशीष नेहरा थे मास्टरमाइंड
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 153 रन का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस को खराब शुरुआत मिली थी। पावरप्ले के अंदर ही टीम ने 16 के स्कोर पर साई सुदर्शन (5) और जोस बटलर (0) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद टीम को एक अच्छी साझेदारी की जरूरत थी।
वाशिंगटन सुंदर ने नंबर-4 पर बैटिंग करते हुए 29 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 49 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने शुभमन गिल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी की। शुभमन गिल ने 43 गेंदों में नाबाद 61 रन और शेरफेन रदरफोर्ड ने 16 गेंदों में 35 रन की नाबाद पारी खेली टीम को 20 गेंदें शेष रहते गुए जीत दिला दी।
वाशिंगटन सुंदर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए बताया कि उन्हें नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने के लिए हेड कोच आशीष नेहरा ने कहा।
“कप्तान ने मुझे जितना संभव हो सके उतना गहराई से बल्लेबाजी करने के लिए कहा और मैं अपनी टीम के लिए मैच को खत्म करना चाहता था। पिछले कुछ सालों में हैदराबाद में यही चलन रहा है, विकेट थोड़ा बेहतर हो जाता है इसलिए 160-170 का पीछा करना आसान हो जाता है। मैं इसके बारे में जानता था और इससे मुझे मदद मिली। कोच ने मुझे 4 नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए कहा, खासकर तब जब हमने शुरुआती ओवरों में कुछ विकेट खो दिए थे, मेरे लिए यह अच्छा मौका था और मुझे मिडिल में खेलना बहुत पसंद है।”