CSK के खिलाफ मैच के दौरान ग्लेन मैक्सवेल से हुई बड़ी गलती, बीसीसीआई ने ठोका जुर्माना । CricTracker Hindi

CSK के खिलाफ मैच के दौरान ग्लेन मैक्सवेल से हुई बड़ी गलती, बीसीसीआई ने ठोका जुर्माना

मैक्सवेल ने लेवल-1 के अपराध पर स्वीकार कर लिया है जिस कारण इस मामले में आधिकारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी है।

Glenn Maxwell (Photo Source: X)
Glenn Maxwell (Photo Source: X)

आईपीएल 2025 का बेहतरीन मैच 8 अप्रैल को पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया था। इस मुकाबले को पंजाब किंग्स ने अपने नाम किया। पंजाब किंग्स की ओर से सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। हालांकि धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बल्लेबाजी से अपनी छाप नहीं छोड़ पाए और एक रन बनाकर आउट हो गए।

ग्लेन मैक्सवेल ने दो ओवर में 11 रन देकर एक विकेट भी झटका। हालांकि मैच खत्म होने के बाद अनुभवी ऑलराउंडर को बड़ा झटका लगा है। ग्लेन मैक्सवेल पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इतना ही नहीं, मैक्सवेल में खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। मैक्सवेल ने लेवल-1 के अपराध पर स्वीकार कर लिया है जिस कारण इस मामले में आधिकारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा, पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल पर आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन के कारण मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और साथ ही एक डिमेरिट अंक भी दिए हैं। मैक्सवेल ने धारा 2.2 के अंतरगत लेवल-1 के अपराध और मैच रेफरी द्वारा लगाए गए जुर्माने को स्वीकार किया। लेवल-1 के अपराध के लिए मैच रेफरी का फैसला ही अंतिम होता है।

पंजाब किंग्स की ओर से अभी तक ग्लेन मैक्सवेल आईपीएल 2025 में नहीं छोड़ पाए हैं अपनी छाप

ग्लेन मैक्सवेल अभी तक के सीजन में पंजाब किंग्स की ओर से बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हैं। पंजाब किंग्स टीम के खिलाड़ियों ने तो शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन मैक्सवेल अभी तक इस सीजन में ना तो आक्रामक बल्लेबाजी कर पाए हैं और ना ही बेहतरीन गेंदबाजी। पंजाब किंग्स की बात की जाए तो उन्होंने अभी तक इस सीजन में चार मैच खेले हैं जिसमें से 3 में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि एक में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 219 रन बनाए थे जिसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स 201 रन ही बना पाई। पंजाब किंग्स को अब अपना अगला मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेलना है। यह मैच 12 अप्रैल को खेला जाएगा।

close whatsapp