IPL 2025: पंजाब किंग्स ने राजस्थान राॅयल्स को 10 रन से हराया, प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2025: पंजाब किंग्स ने राजस्थान राॅयल्स को 10 रन से हराया, प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की

मुकाबले में पंजाब ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में किया कमाल का प्रदर्शन

Rajasthan Royals vs Punjab Kings, 59th Match (Image Credit- Twitter X)
Rajasthan Royals vs Punjab Kings, 59th Match (Image Credit- Twitter X)

IPL 2025, RR vs PBKS: आईपीएल के जारी सीजन का 59वां मैच आज 18 मई, रविवार को राजस्थान राॅयल्स और पंजाब किंग्स के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 10 रनों से जीत हासिल की है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 220 रनों का लक्ष्य राजस्थान के सामने जीत के लिए रखा था, जिसका पीछा करते हुए आरआर सिर्फ 209 रन ही बना पाई। इस जीत के बाद पंजाब किंग्स ने जारी सीजन के प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।

आरआर बनाम पीबीकेएस, आईपीएल 2025 के 59वें मैच का हाल

मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो पंजाब किंग्स ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, और पूरी टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर कुल 219 रन बनाए। हालांकि, मैच में पंजाब किंग्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही।

टीम ने 34 रनों के कुल स्कोर पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। प्रियांश आर्या 9, प्रभसिमरन सिंह 21 तो मिचेल ओवन बिना खाता खोल आउट हो चुके थे। लेकिन इसके बाद मिडिल ऑर्डर में नेहल वढेरा ने 37 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली, तो कप्तान श्रेयस ने 30 रनों का योगदान दिया। तो वहीं, अंत में शशांक सिंह 59* और अजमतुल्लाह उमरजई 21* रन बनाकर नाबाद रहे और टीम का स्कोर 200 के पार लगाया।

दूसरी ओर, राजस्थान राॅयल्स की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो तुषार देशपांडे को दो विकेट मिले। इसके अलावा क्वेन मफाका, रियान पराग और आकाश मधवाल को एक-एक विकेट मिला।

इसके बाद, जब राजस्थान राॅयल्स पंजाब किंग्स से मिले 220 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी, तो वह 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 209 रन ही बना पाई, और मैच में उसे 10 रनों से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले में आरआर के लिए सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 50 और ध्रुव जुरेल ने 53 रनों की पारी खेली। लेकिन बाकी टीम कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई।

close whatsapp