घरेलू सीजन शुरू होने से पहले अजिंक्य रहाणे ने मुंबई की कप्तानी छोड़ी
रहाणे ने मुंबई को रणजी सीजन 2023-24 में चैंपियन बनाया था।
अद्यतन - Aug 21, 2025 4:51 pm

एशिया कप 2025 की खबरें इस समय क्रिकेट के जगत में छाई हुई हैं। इस बीच, घरेलू क्रिकेट से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां स्टार खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे ने मुंबई क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ दी है। उन्होंने कहा कि यह सही समय है कि टीम अपना अगला कप्तान चुन ले। रहाणे ने आने वाली घरेलू सीरीज से पहले ही यह ऐलान कर दिया है।
सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए अजिंक्य ने कहा “मुंबई टीम की कप्तानी करना और चैंपियनशिप जीतना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही है। नए घरेलू सीजन के साथ, मेरा मानना है कि नए कप्तान को तैयार करने का यह सही समय है, इसलिए मैंने कप्तानी की भूमिका जारी न रखने का फैसला किया है।”
उन्होंने आगे लिखा, “मैं एक खिलाड़ी के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूँ और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के साथ अपनी यात्रा जारी रखूँगा, ताकि हम और ज्यादा ट्रॉफियां जीत सकें। इस सीजन का बेसब्री से इंतजार है।”
श्रेयस अय्यर बन सकते हैं टीम के नए कप्तान
अजिंक्य रहाणे के कप्तानी से हटने के बाद, अब मुंबई की कप्तानी की डोर किसके हाथ में जाएगी? इस समय कप्तान के स्थान के लिए 3 खिलाड़ियों में से ही किसी एक को मैनेजमेंट भावी सीजन के लिए कप्तान बनाएगा। इनमें सबसे पहला नाम है श्रेयस अय्यर, दूसरा शार्दुल ठाकुर और तीसरा शम्स मुलानी।
मुंबई के पिछले कुछ सीजन से शम्स मुलानी ने टीम में उप-कप्तान की भूमिका निभाई है और रहाणे की अनुपस्थिति में भी उन्होंने टीम की कमान संभाली है। इस बीच श्रेयस अय्यर टीम के सीमित ओवरों के कप्तान हैं और दलीप ट्राॅफी में शार्दुल ठाकुर को वेस्ट जोन का कप्तान बनाया गया है।
अजिंक्य रहाणे का घरेलू सफर
37 वर्षीय रहाणे ने कुल 201 घरेलू मैचों में 45.16 की प्रभावशाली औसत से लगभग 14,000 रन बनाए हैं। अनुभवी रहाणे ने लाल गेंद क्रिकेट में कुल 41 शतक और 59 अर्धशतक भी लगाए हैं।