Asia Cup 2025: भारत ने एकतरफा मुकाबले में UAE को 9 विकेट से हराकर, रच डाला इतिहास
भारतीय टीम ने 93 गेंदें रहते मुकाबले में जीत दर्ज की
अद्यतन - Sep 10, 2025 10:20 pm

जारी एशिया कप 2025 का दूसरा मैच आज 10 सितंबर, बुधवार को भारत और यूएई के बीच खेला गया। बता दें कि दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी और उसके बाद बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर, एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से जीत दर्ज की है।
मुकाबले में पहले टीम इंडिया की शानदार गेंदबाजी के सामने यूएई सिर्फ 57 रनों पर सिमट गई। इसके बाद, भारतीय खिलाड़ियों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 4.3 ओवरों में 1 विकेट खोकर इस टारगेट को आसानी से हासिल कर लिया। भारत ने 93 गेंद रहते हुए जीत हासिल की। साथ ही बता दें कि यह गेंद के हिसाब से भारत की टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दर्ज की गई, सबसे बड़ी जीत भी है।
A dominating show with the bat! 💪
A 9⃣-wicket win for #TeamIndia after chasing down the target in 4.3 overs. 👏👏
Scorecard ▶️ https://t.co/Bmq1j2LGnG#AsiaCup2025 | #INDvUAE pic.twitter.com/ruZJ4mvOIV
— BCCI (@BCCI) September 10, 2025
भारत बनाम यूएई, एशिया कप 2025 के दूसरे मैच का हाल
मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो भारतीय टीम ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद, भारत की कमाल की गेंदबाजी के खिलाफ यूएई 13.1 ओवरों में सिर्फ 57 रनों पर सिमट गई। यूएई की ओर से आलीशान शरफू ने 22 तो कप्तान मुहम्मद वसीम ने 19 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा बाकी ओर कोई खिलाड़ी दोहरे अंक के स्कोर में नहीं पहुंच पाया।
दूसरी ओर, भारत की ओर से कमाल की गेंदबाजी देखने को मिली, खासकर स्पिन गेंदबाजों से। अनुभवी कुलदीप यादव ने 2.1 ओवरों में 7 रन देते हुए चार विकेट हासिल किए। इस कमाल के प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवाॅर्ड भी मिला। कुलदीप के अलावा भारत की ओर शिवम दुबे को 3, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल व वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिला।
इसके बाद, जब भारत यूएई से मिले 58 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो उसने इस टारगेट को 4.3 ओवरों में 1 विकेट खोकर बड़ी ही आसानी से हासिल कर लिया। अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों में 30 रन बनाए, तो शुभमन गिल 20* और सूर्यकुमार यादव 7* रन बनाकर नाबाद रहे। यूएई की ओर से एकमात्र विकेट जुनैद सिद्दिकी को मिला।