शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव का टी20 वर्ल्ड कप मामला अलग-अलग है: मोहम्मद कैफ
खराब फाॅर्म के बावजूद सूर्यकुमार यादव को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए जगह मिली, जबकि गिल को नहीं
अद्यतन - Dec 23, 2025 12:04 pm

हाल में ही पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुनी गई भारतीय टीम को लेकर अपना पक्ष रखा है। बता दें कि इस टीम में इस साल टी20 क्रिकेट में खराब प्रदर्शन करने वाले शुभमन गिल को टीम में जगह नहीं मिली, जबकि सूर्यकुमार यादव को बतौर कप्तान चुना गया है। हालांकि, दोनों ने इस साल टी20 क्रिकेट में कुछ अहम योगदान नहीं दिया है।
पूर्व क्रिकेटर ने कहा खुद को मैच विनर साबित कर चुके खिलाड़ियों को अधिक मौके मिलने चाहिए, भले ही वे रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हों। कैफ ने बीसीसीआई के उप-कप्तान शुभमन को टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम से बाहर रखने और सूर्यकुमार को कप्तान बनाए रखने के फैसले का समर्थन किया।
मोहम्मद कैफ की बड़ी प्रतिक्रिया
कैफ ने हाल में अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से कहा- गिल और सूर्या के मामले में अंतर है। सूर्या टी20 में एक मैच-विनर रहे हैं। वह आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष पर रह चुके हैं और उन्होंने कई मैच जिताए भी हैं। हम यहां दोनों की तुलना नहीं कर सकते। गिल को भारतीय टीम में इस प्रारूप में खुद को साबित करना पड़ा है।
कैफ ने आगे कहा- कोहली का ही उदाहरण लीजिए, कोविड के दौरान दो साल तक उन्होंने रन नहीं बनाए, लेकिन उनका रिकॉर्ड शानदार था और वे लगभग 10 सालों से मैच विनर रहे थे, इसलिए लोगों ने उनकी प्रतिष्ठा के बल पर उनका साथ दिया और वे उस दौर से उबरकर फिर से रन बनाने लगे। सूर्या भी इसी श्रेणी में आते हैं। इस फॉर्मेट में गिल सूर्या के आसपास भी नहीं हैं। दोनों को खराब फॉर्म में देखकर टीम से बाहर कर देना सही नहीं है। सूर्या ने यह स्थान अपनी मेहनत से कमाया है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव ( कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर