IPL 2026: केकेआर को झटका, हर्षित राणा घुटने की सर्जरी के कारण ज्यादातर मैचों से बाहर रह सकते हैं
28 मार्च से शुरू हो रहा है आईपीएल 2026
अद्यतन - Mar 17, 2026 11:36 am

आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है। बता दें टीम के प्रीमियम तेज गेंदबाज हर्षित राणा टूर्नामेंट के पहले कुछ मैचों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इसके पीछे वजह उनके घुटने की सर्जरी है, जो उन्होंने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने से ठीक पहले करवाई थी। फिलहाल, वह इससे उबर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राणा को फरवरी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के टी20 विश्व कप प्रैक्टिस मैच के दौरान घुटने में चोट लगने के बाद सर्जरी करानी पड़ी थी। युवा खिलाड़ी फिलहाल रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की मेडिकल टीम ने अभी तक उनके मैदान पर वापसी की कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है।
अगर वह समय पर रिकवर नहीं हो पाते हैं, तो यह युवा गेंदबाज के लिए और केकेआर के लिए दोहरा झटका होगा। टी20 वर्ल्ड कप के बाद, अब 28 मार्च से शुरू होने रहे आईपीएल में भी खेलने पर संदेह नजर आ रहा है। टी20 वर्ल्ड कप में हर्षित राणा की जगह बतौर रिप्लेसमेंट मोहम्मद सिराज को टीम इंडिया से जोड़ा गया था, जो सिर्फ वानखेड़े में यूएसए के खिलाफ खेले गए एकमात्र मैच में खेलते हुए नजर आए।
केकेआर की बढ़ी टेंशन
दूसरी ओर, तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बीसीसीआई के दिशानिर्देश के बाद फ्रेंचाइजी ने बांग्लादेश के प्रीमियर फास्ट बाॅलर मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था। तो वहीं, अब हर्षित राणा के भी खेलने पर तलवार लटकी हुई नजर आ रही है।
खैर, केकेआर ने रहमान के रिप्लेसमेंट के रूप में जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजराबानी को टीम में शामिल किया है, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी टीम के लिए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। तो वहीं, इस बार केकेआर अपने खिताबी अभियान की शुरुआत 2 अप्रैल को ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच से करेगी।