IPL 2026: मुंबई इंडियंस को 30 रनों से हराकर राजस्थान राॅयल्स ने प्लेऑफ में बनाई जगह, पंजाब-केकेआर का सफर खत्म
प्लेऑफ में जगह बनाने वाले चौथी टीम बन गई है राजस्थान
अद्यतन - मई 24, 2026 7:59 अपराह्न

मुंबई इंडियंस और राजस्थान राॅयल्स के बीच जारी आईपीएल सीजन का 69वां मैच खेला गया। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने 30 रनों से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही अब राजस्थान राॅयल्स जारी आईपीएल सीजन के प्लेऑफ में जगह बनाने वाली चौथी टीम बन गई है। अब उसका एलिमिनेटर मुकाबले में 27 मई, बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद से सामना होगा।
खैर, मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान राॅयल्स ने 206 रनों का एक मजबूत लक्ष्य मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए रखा। लेकिन, जब हार्दिक पांड्या एंड कंपनी इस टारगेट का पीछा करने उतरी तो वह 175 रन ही बना पाई।
आईपीएल 2026, एमआई बनाम आरआर मैच का हाल
मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो होम टीम मुंबई इंडियंस ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, खराब शुरुआत के बाद भी राजस्थान राॅयल्स निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाने में सफल रही।
आरआर के लिए यशस्वी जायसवाल ने 27, ध्रुव जुरेल ने 38, रियान पराग ने 14, दासुश शनाका ने 29, डोनावन फरेरा ने 18 और जोफ्रा आर्चर ने 32 रनों का योगदान दिया। अंत में रवींद्र जडेजा 19* व नांद्रे बर्गर 10* रन बनाकर नाबाद रहे।
दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो अनुभवी दीपक चाहर व शार्दुल ठाकुर को 2-2 विकेट मिले। इसके अलावा विल जैक, ए गजनफर व काॅर्बिन बाॅश को 1-1 विकेट मिला।
इसके बाद, जब मुंबई इंडियंस राजस्थान राॅयल्स से मिले 206 रनों के मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो वह 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर कुल 175 रन ही बना पाई। रोहित शर्मा 0, नमन धीर 6 और तिलक वर्मा 3 ने आज बल्लेबाजी में निराश किया। हालांकि, आखिरी लीग मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने 42 गेंदों में 60 रनों की पारी खेली, तो विल जैक ने 33 और हार्दिक पांड्या ने 34 रन बनाए।
तो वहीं, राजस्थान राॅयल्स की ओर से कमाल की गेंदबाजी देखने को मिली। अनुभवी जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा नांद्रे बर्गर, ब्रजेश शर्मा व यश राज पुंजा को 2-2 विकेट मिले।