IPL 2026 Eliminator: सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से हराकर, राजस्थान राॅयल्स ने दूसरे क्वालिफायर में बनाई जगह 

IPL 2026 Eliminator: सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से हराकर, राजस्थान राॅयल्स ने दूसरे क्वालिफायर में बनाई जगह 

राजस्थान का सामना अब दूसरे क्वालिफायर में गुजरात टाइटंस से 29 मई को होगा

SRH vs RR (Image Credit- Twitter X)
SRH vs RR (Image Credit- Twitter X)

राजस्थान राॅयल्स ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से हराकर, दूसरे क्वालिफायर में जगह बना ली है। अब उसका दूसरे क्वालिफायर में 29 मई को गुजरात टाइटंस से सामना होगा।

न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान राॅयल्स ने 244 रनों का लक्ष्य हैदराबाद के सामने जीत के लिए रखा। लेकिन, जब हैदराबाद इस टारगेट का पीछा करने उतरी, तो वह 196 रन ही बना पाई।

आईपीएल 2026, एसआरएच बनाम आरआर मैच का हाल

मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो सनराइजर्स हैदराबाद ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए एकदम गलत साबित हुआ। राजस्थान राॅयल्स ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर कुल 243 रन बनाए। बता दें यह अब आईपीएल इतिहास में राजस्थान का प्लेऑफ में सबसे बड़ा स्कोर भी है।

तो वहीं, टीम को इस टारगेट तक पहुंचाने में युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने 29 गेंदों में 5 चौके व 12 छक्कों की मदद से 97 रनों की रिकाॅर्ड पारी खेली। इसके अलावा ध्रुव जुरेल ने 21 गेंद में 50 रन बनाए, तो यशस्वी जायसवाल ने 29 और रियान पराग ने 26 रनों का योगदान दिया।

सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो प्रफुल हिंगे को सर्वाधिक 3 विकेट मिले। इसके अलावा ईशान मलिंगा, शिवांग कुमार और नीतीश कुमार रेड्डी को 1-1 विकेट मिला।

इसके बाद, जब हैदराबाद राजस्थान से मिले 244 रनों के मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो वह राजस्थान की कमाल की गेंदबाजी के सामने 19.2 ओवरों में 196 रन ही बना पाई। इससे पहले टीम की शुरुआत कुछ ठीक नहीं रही, पारी की दूसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हो गए।

साथ ही टीम ने पावरप्ले के भीतर ही टाॅप ऑर्डर के 4 विकेट गंवा दिए। ट्रैविस हेड 17, ईशान किशन 33, एस रवीचंद्रन 1 और हेनरिक क्लासेन 18 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। अंत में नीतीश कुमार रेड्डी ने 38 और सलिल अरोड़ा ने 35 रनों की पारी खेली।

दूसरी ओर, राजस्थान राॅयल्स की ओर से शानदार गेंदबाजी देखने को मिली। जोफ्रा आर्चर को 3 विकेट मिले। इसके अलावा नांद्रे बर्गर, सुशांत मिश्रा व रवींद्र जडेजा को 2-2 विकेट मिले। इसके अलावा यश राज पुंजा को 1 विकेट मिला।

close whatsapp