महिला क्रिकेट को मिली नई ‘रन मशीन’, मिताली राज का ऑल-टाइम रिकॉर्ड तोड़ स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास
मंधाना ने भारतीय क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज के 10,868 इंटरनेशनल रनों के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
अद्यतन - सितम्बर 4, 2026 10:28 पूर्वाह्न

3 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इतिहास रचा गया, जब भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) आधिकारिक तौर पर महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। महिला एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ एक शानदार पारी खेलते हुए, मंधाना ने भारतीय क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज के 10,868 इंटरनेशनल रनों के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
जबरदस्त बैटिंग करते हुए उन्होंने 17वें ओवर में अपना शतक पूरा किया, जो सभी फॉर्मेट मिलाकर उनका 18वां इंटरनेशनल शतक था। ऐसा करके उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ी मेग लैनिंग (17 शतक) को पीछे छोड़ दिया और महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
मैच में मंधाना ने रुचिता वेंकटेश के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए लगातार तीन छक्के जड़े। 113 रन पूरे करते ही उन्होंने मिताली राज के इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक के सबसे ज्यादा रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और आखिर में सिर्फ 61 गेंदों पर शानदार 124 रन बनाए जिसमें 14 चौके और 7 जबरदस्त छक्के शामिल थे।
उनके 124 रन के स्कोर ने दो व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी बनाए, सबसे पहला महिला टी20 एशिया कप के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर (चमारी अटापट्टू के 119* रन को पीछे छोड़ते हुए) और मंधाना को दो अंतरराष्ट्रीय टी20 शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला भी बनी।
अब 10,880 इंटरनेशनल रन के साथ वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे ऊपर बैठीं मंधाना, मिताली राज (10,868), न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (10,740) और इंग्लैंड की शार्लेट एडवर्ड्स (10,273) वाली खास लिस्ट में सबसे आगे हैं।
मैच का हाल
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 194 रनों का लक्ष्य का लक्ष्य हांगकांग के सामने जीत के लिए रखा। लेकिन, भारत की शानदार गेंदबाजी के सामने हांगकांग सिर्फ 56 रनों पर ही सिमट गई। इस हार के बाद, हांगकांग की टीम सेमीफाइनल की रेस से भी बाहर हो गई है। तो वहीं भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।