जानें बर्थडे बाॅय रविचंद्रन अश्विन कितनी संपत्ति के हैं मालिक? 40 की उम्र में भी जीते हैं लग्जरी लाइफ
रिटायरमेंट के बाद भी जारी है अश्विन की करोड़ों की कमाई
अद्यतन - सितम्बर 17, 2026 4:33 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन (Ravichandran Ashwin) अश्विन की कुल संपत्ति को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आती रही हैं। 2025-26 के दौरान कई बाहरी ट्रैकर्स ने उनकी नेट वर्थ करीब 130 से 132 करोड़ रुपये बताई है। हालांकि, अश्विन या उनके प्रतिनिधियों की ओर से उनकी संपत्ति को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। इसलिए यह रकम सिर्फ अनुमान मानी जा सकती है।
अश्विन ने दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद अगस्त 2025 में उन्होंने आईपीएल से भी दूरी बना ली। आईपीएल में उनका आखिरी बड़ा कॉन्ट्रैक्ट 2025 की नीलामी में आया, जब चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था।
क्रिकेट करियर से भी हुई बड़ी कमाई
अश्विन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 287 मैचों में कुल 765 विकेट लिए। वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में अनिल कुंबले के बाद दूसरे स्थान पर हैं।
अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में 6 शतक भी लगाए। वह उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 500 से ज्यादा विकेट और 3,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके शानदार प्रदर्शन ने उनकी लोकप्रियता के साथ-साथ ब्रांड वैल्यू को भी बढ़ाया।
रिटायरमेंट के बाद कमाई का तरीका बदला
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अश्विन अब कमेंट्री, क्रिकेट एनालिसिस और डिजिटल कंटेंट के जरिए अपनी कमाई जारी रख रहे हैं। उन्होंने आईपीएल 2026 के कमेंट्री पैनल में भी हिस्सा लिया।
इसके अलावा वह यूट्यूब पर क्रिकेट से जुड़े वीडियो और अपनी गेंदबाजी से जुड़ी जानकारी शेयर करते हैं। ब्रांड एंडोर्समेंट भी उनकी कमाई का हिस्सा हैं। हालांकि, कमेंट्री, यूट्यूब और विज्ञापनों से उन्हें कितनी कमाई होती है, इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।
रविचंद्रन अश्विन का जन्म 17 सितंबर 1986 को चेन्नई में हुआ था। उन्होंने नवंबर 2011 में अपनी बचपन की दोस्त प्रीति नारायन से शादी की। दोनों की दो बेटियां हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ लंबे जुड़ाव के कारण अश्विन का चेन्नई से खास रिश्ता भी रहा है। 40 साल की उम्र में भी अश्विन एक लग्जरी लाइफ जीते हैं।
ये भी पढ़ें – “उम्मीद है कि वह मेरे करियर पर गहरी छाप छोड़ेंगे”: केविन पीटरसन पर बोले हैरी ब्रूक