NZ vs IND: ‘तेज पिचों पर देखना चाहता हूं कैसा खेलते हैं’ – कीवी कोच रॉब वॉल्टर ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को ललकारा
कीवी हेड कोच रॉब वॉल्टर ने भारत के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी को चुनौती दी है।
अद्यतन - सितम्बर 24, 2026 4:01 अपराह्न

भारत के न्यूजीलैंड दौरे से पहले, कीवी हेड कोच रॉब वॉल्टर ने भारत के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी को चुनौती दी है। 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम भारत के खिलाफ पांच टी20आई, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगी। ऐसे में सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि 15 साल का यह युवा खिलाड़ी विदेशी पिचों पर उछाल भरी परिस्थितियों का सामना कैसे करता है।
सिर्फ 15 साल की उम्र में आईपीएल ऑरेंज कैप जीतने के बाद सूर्यवंशी चर्चा में आए और उन्हें जल्द ही नेशनल टीम में बुला लिया गया है। भारत के लिए अपने शुरुआती छह टी20आई मैचों में उन्होंने 32.16 के शानदार औसत से 193 रन बनाए हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड की तेज और उछाल वाली पिचों पर वर्ल्ड-क्लास गेंदबाजी का सामना करना एक बिल्कुल अलग तरह की चुनौती है।
वह एक शानदार खिलाड़ी हैं – रॉब वाल्टर
सीरीज से पहले बात करते हुए, रॉब वाल्टर ने तेज पिचों पर युवा बल्लेबाज को परखने को लेकर काफी उत्साह जाहिर किया। वाल्टर ने कहा, “हां, मैं उन्हें तेज और उछाल वाली पिचों पर खेलते हुए और यह देखना चाहूंगा कि वहां उनका खेल कैसा दिखता है। लेकिन वह एक शानदार खिलाड़ी हैं। आपने उन्हें आईपीएल में दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ हावी होते देखा है। मुझे लगता है कि असली चुनौती यह देखना है कि अलग-अलग कंडीशंस में उनका खेल कैसा रहता है, और साथ ही हमारे हालात में हम उनके खिलाफ कैसी गेंदबाजी करते हैं।”
यह दौरा 22 अक्टूबर को शुरू होगा
यह दौरा 22 अक्टूबर को पांच मैचों की टी20आई सीरीज के साथ शुरू होगा, इसके बाद 4 नवंबर से वनडे सीरीज और 19 नवंबर से टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वैभव सूर्यवंशी स्विंग और तेज उछाल वाली पिचों पर भी वैसा ही दबदबा बना पाते हैं जैसा उन्होंने घरेलु स्तिथि में दिखाया है।
यह भी पढ़ें – 10 साल बाद दक्षिण अफ्रीका की धरती पर वापसी करेंगे स्कॉट बोलैंड, टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल