ऑस्ट्रेलिया ए वनडे सीरीज के लिए भारत ए टीम में चोटिल हार्दिक पांड्या को रिप्लेस करेंगे सूर्यांश शेडगे

ऑस्ट्रेलिया ए वनडे सीरीज के लिए भारत ए टीम में चोटिल हार्दिक पांड्या को रिप्लेस करेंगे सूर्यांश शेडगे

ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज में शेडगे को खुद को साबित करने का बड़ा मौका मिला है।

Suryansh Shedge (Image credit Twitter - X)
Suryansh Shedge (Image credit Twitter – X)

भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम में बड़ा बदलाव हुआ है। चोटिल हार्दिक पंड्या इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मुंबई के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को भारत ए टीम में शामिल किया गया है। दोनों टीमों के बीच मुकाबले 6, 9 और 11 अक्टूबर को पुडुचेरी में खेले जाएंगे।

भारत ए की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे, जबकि देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान होंगे। हार्दिक पंड्या को 19 सितंबर को फिटनेस टेस्ट के बाद दाएं पैर की पिंडली में परेशानी महसूस हुई थी।

इसके बाद उनकी एमआरआई जांच कराई गई, जिसमें दाहिने पैर की हड्डी के अंदर हल्की सूजन पाई गई। यह समस्या मेडियल टिबियल स्ट्रेस सिंड्रोम से जुड़ी बताई गई है। इसी कारण पंड्या को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ सीरीज से बाहर होना पड़ा।

सूर्यांश शेडगे का शानदार हालिया प्रदर्शन

सूर्यांश शेडगे के लिए यह चयन उनके अच्छे प्रदर्शन का इनाम है। वह 2026 में भारत के लिए तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेल चुके हैं। उन्होंने आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के दौरों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

भारत ए के लिए भी शेडगे का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। जून 2026 में श्रीलंका दौरे पर उन्होंने पांच पारियों में कुल 147 रन बनाए थे। इसके अलावा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 में मुंबई के लिए उन्होंने 131 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 251.92 रहा था।

रणजी ट्रॉफी के पहले मैच से रहेंगे बाहर

शेडगे के चयन का असर मुंबई के घरेलू क्रिकेट कार्यक्रम पर भी पड़ेगा। भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच तीसरा वनडे 11 अक्टूबर को खेला जाएगा। इसी दिन मुंबई को चंडीगढ़ के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में अपने रणजी ट्रॉफी अभियान की शुरुआत करनी है। ऐसे में शेडगे इस मुकाबले में मुंबई के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

भारत ए की टीम

ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, साई सुदर्शन, रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, विप्रज निगम, अर्शिन कुलकर्णी, अर्शद खान, नमन धीर, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), गुरजपनीत सिंह और यश ठाकुर।

ये भी पढ़ें – सूर्यवंशी OUT संजू IN, वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 के लिए कुछ ऐसी हो सकती है भारतीय टीम 

close whatsapp