IND W vs ZIM W: आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट उल्लंघन के लिए शेफाली वर्मा को लगी फटकार, मिला 1 डिमेरिट पॉइंट

IND W vs ZIM W: आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट उल्लंघन के लिए शेफाली वर्मा को लगी फटकार, मिला 1 डिमेरिट पॉइंट

शानदार अर्धशतक लगाने के बावजूद शेफाली वर्मा अपने व्यवहार के कारण विवादों में आ गईं।

IND W vs ZIM W: Shafali Verma (Image credit Twitter - X)
IND W vs ZIM W: Shafali Verma (Image credit Twitter – X)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज और उपकप्तान शेफाली वर्मा को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में अपने व्यवहार के कारण आईसीसी की फटकार का सामना करना पड़ा है।

रायपुर में खेले गए इस मुकाबले के दौरान शेफाली ने कैच छोड़ने के बाद गुस्से में गेंद जमीन पर पटक दी थी। इस घटना को आईसीसी ने आचार संहिता का उल्लंघन माना है।

इसके लिए शेफाली को आधिकारिक फटकार लगाने के साथ एक डिमेरिट अंक भी दिया गया है। यह घटना जिम्बाब्वे की पारी के 12वें ओवर में हुई। भारतीय गेंदबाज श्री चरणी की गेंद पर जिम्बाब्वे की बल्लेबाज चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने मिड ऑफ की तरफ शॉट खेला।

वहां फील्डिंग कर रहीं शेफाली वर्मा के पास कैच पकड़ने का मौका था, लेकिन गेंद उनके हाथों से छूट गई और जबड़े पर जा लगी। कैच छूटने से निराश शेफाली ने गुस्से में गेंद को जमीन पर पटक दिया। उनके इसी व्यवहार के कारण आईसीसी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की।

आईसीसी ने दिया एक डिमेरिट अंक

आईसीसी ने शेफाली वर्मा को आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का दोषी पाया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़ों या मैदान से जुड़ी चीजों के गलत इस्तेमाल से संबंधित है।

मैच रेफरी जीएस लक्ष्मी ने शेफाली पर कार्रवाई की, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। इसलिए इस मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। पिछले 24 महीनों में यह शेफाली का पहला ऐसा उल्लंघन है।

इस विवाद के बावजूद शेफाली वर्मा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने केवल 25 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए और भारतीय टीम को आसान जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

भारत ने 103 रनों का लक्ष्य नौवें ओवर में ही हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 20 अक्टूबर को रायपुर में ही खेला जाएगा।

ये भी पढ़ें – नमन धीर ने तोड़ा युवराज सिंह का 19 साल पुराना रिकॉर्ड, सिर्फ 6 गेंदों में रचा इतिहास

close whatsapp