23 नवंबर, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - नवम्बर 23, 2026 10:18 पूर्वाह्न

1. राइजिंग स्टार एशिया कप 2026: पाकिस्तान ए ने भारत को 48 रनों से हराया
जारी एसीसी मेन्स एशिया कप 2026 का 8वां मैच भारत और पाकिस्तान की ए टीमों के बीच खेला गया। बता दें इस मुकाबले में पाकिस्तान ने 48 रनों से जीत हासिल की। दोहा में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 313 रन बनाए। जवाब में भारत ए की पूरी टीम 49.1 ओवर में 265 रनों पर सिमट गई।
2. “कभी मुझे भी नेट में बॉलिंग करने आना” – सचिन तेंदुलकर का रणवीर सिंह को खास न्योता
भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह हाल ही में मुंबई में आयोजित ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 कार्यक्रम में एक साथ नजर आए। इस दौरान दोनों के बीच क्रिकेट को लेकर दिलचस्प बातचीत हुई। सचिन ने रणवीर की एक्टिंग की तारीफ करते हुए उन्हें एक खास ऑफर भी दिया, जिसका वीडियो और बातचीत चर्चा का विषय बन गई।
दरअसल, रणवीर सिंह ने साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म ’83’ में पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव का किरदार निभाया था। यह फिल्म भारत की 1983 विश्व कप जीत पर आधारित थी। फिल्म में रणवीर ने कपिल देव के गेंदबाजी करने के अंदाज को भी बखूबी पर्दे पर उतारा था।
3. AUS vs ENG: T20I सीरीज से बाहर हुए विल जैक्स, कैच पकड़ने के चक्कर में तुड़वा बैठे थे हाथ!
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर विल जैक्स ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। पहले टी20 मुकाबले के दौरान उनके हाथ में चोट लग गई थी, जिसके बाद जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। इस चोट के कारण अब वह सीरीज के बाकी मैचों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
यह घटना 21 नवंबर को मेलबर्न में खेले गए पहले टी20 मुकाबले के दौरान हुई। मैच के 19वें ओवर में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बेन ड्वार्शुइस ने गेंद को सीधे गेंदबाज की तरफ खेला। जैक्स ने कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथ से टकराकर निकल गई। इस दौरान उनके हाथ की उंगलियों के बीच चोट लग गई।
4. “मैं हमेशा छक्के के साथ शतक पूरा करने की कोशिश करता हूं”: वेलिंगटन में ऐतिहासिक शतक के बाद बोले ऋषभ पंत
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले जा रहे मुकाबले में पंत ने 153 गेंदों पर 128 रन बनाए। उनकी इस पारी में कई शानदार शॉट देखने को मिले। खास बात यह रही कि उन्होंने छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया।
मैच के बाद पंत ने बताया कि जब भी वह शतक के करीब पहुंचते हैं, तो उनकी कोशिश छक्का लगाकर उसे पूरा करने की होती है। हालांकि, इस कोशिश में उन्होंने कई बार अपने शतक भी गंवाए हैं।
5. दोनों पारियों में पहले ओवर में विकेट, बुमराह के नाम दर्ज हुआ खास टेस्ट रिकॉर्ड; ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने मुकाबले की दोनों पारियों में पहले ही ओवर में विकेट हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ वह ऐसा करने वाले भारत के तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। मैच की पहली पारी में बुमराह ने न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को ओवर की तीसरी गेंद पर बोल्ड कर दिया था। इसके बाद दूसरी पारी में भी उन्होंने लैथम को ज्यादा देर क्रीज पर टिकने नहीं दिया।
6. IND A vs PAK A: हार के बाद तिलक का छलका दर्द, बोले- ‘शाहबाज 2 ओवर और टिक जाते तो मैं अकेले मैच खत्म कर देता’
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का आठवां मुकाबला 22 नवंबर को भारत ‘ए’ और पाकिस्तान ‘ए’ के बीच दोहा में खेला गया। मुकाबले में भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 48 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा। जिसके बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा काफी निराश नजर आए। मैच के बाद बल्लेबाजी प्रदर्शन पर उन्होंने कहा, ‘जिस तरह अभिषेक ने आगाज किया. उसके बाद मेरे और शाहबाज के बीच साझेदारी हुई। वह काफी अहम थी। दुर्भाग्य से जब हम रन गति बढ़ाना चाहते थे, तभी शाहबाज आउट हो गए। अगर वह दो ओवर और टिक जाते तो शायद मैं मैच खत्म कर सकता था।’
7. बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में नए कप्तान के साथ उतरेगी साउथ अफ्रीका, जानें प्लेइंग-11
बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला सोमवार को सेंचुरियन में खेला जाएगा। बांग्लादेश की टीम जहां सीरीज में बराबरी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, वहीं दक्षिण अफ्रीका की नजरें 2-0 से क्लीन स्वीप कर WTC 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति और मजबूत करने पर होंगी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में नियमित कप्तान टेम्बा बावुमा नहीं खेलेंगे। पहले टेस्ट मैच में बल्लेबाजी के दौरान उनके दाएं पैर की पिंडली में खिंचाव (काफ स्ट्रेन) आ गया था, जिसके कारण वह दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी में एडेन मार्करम को टीम का कार्यवाहक कप्तान बनाया गया है।
दूसरे टेस्ट मैच के लिए दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन
एडेन मार्करम (कप्तान), मार्क्स एकरमैन, जुबैर हमजा, टोनी डी जॉर्जी, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, रयान रिकेल्टन, वियान मुल्डर, मार्को यानसन, साइमन हार्मर, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्टजे।
8. IND vs NZ: जसप्रीत बुमराह पर मंडराया सस्पेंड होने का खतरा, अंपायर ने इस गलती के लिए दी चेतावनी
वेलिंगटन टेस्ट के 5वें दिन जसप्रीत बुमराह पर सस्पेंड होने का खतरा मंडराता दिखा। न्यूजीलैंड की दूसरी पारी के 51वें ओवर की 5वीं गेंद के बाद फील्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वॉर्निंग दी, ये वॉर्निंग डेंजर एरिया में दौड़ने को लेकर थी। चूंकि ये दूसरी पारी में की इस तरह की बुमराह की पहली गलती थी, इसलिए अंपायर ने सिर्फ उन्हें वॉर्निंग देकर छोड़ दिया। लेकिन, बुमराह के इनिंग के दौरान इस गलती को दोहराना भारी भी पड़ सकता है।