NZ vs IND, 2nd Test Day 2: क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारत मुश्किल में, 116 रनों पर गंवाए 6 विकेट
दूसरे दिन के खेल के बाद भारत अभी भी 240 रनों से पिछड़ रहा है
अद्यतन - नवम्बर 28, 2026 11:52 पूर्वाह्न

न्यूजीलैंड और भारत के बीच क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल मैदान पर जारी दूसरे टेस्ट मैच में 28 नवंबर, शनिवार को दूसरे दिन का खेल समाप्त हुआ। दूसरे दिन के खेल के बाद मेहमान भारतीय क्रिकेट टीम मुश्किल परिस्थिति में नजर आ रही है।
शुभमन गिल एंड कंपनी ने दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट के नुकसान 116 रन बना लिए हैं। वह पहली पारी के आधार पर अभी भी मेजबान न्यूजीलैंड टीम से 240 रनों से पीछे है। खेल के दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखरती हुई नजर आई।
भारत 240 रनों से पीछे
दिन के खेल के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो न्यूजीलैंड ने आज 246/5 से आगे खेलना शुरू किया। न्यूजीलैंड ने इसके बाद अपनी पहली पारी में 110 रन और जोड़े और बचे हुए पांच विकेट भी जल्दी गंवा दिए। पहली पारी में न्यूजीलैंड की ओर से टाॅम ब्लंडेल 89 रन बनाकर टाॅप स्कोरर रहे। साथ ही कप्तान टाॅम लाथम ने भी 59 रनों की उपयोगी पारी खेली।
तो वहीं, पहली पारी में भारत की ओर से आकाश दीप ने पंजा खोला। उन्होंने 31.3 ओवर में 99 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। इसके अलावा अंशुल कंबोज व गुरनूर बराड़ को दो-दो विकेट मिले। साथ ही स्पिन ऑलराउंडर वाॅशिंगटन सुंदर के हाथ एक सफलता लगी।
इसके बाद, बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 6 गेंद खेलकर शून्य पर मैट हेनरी के खिलाफ बोल्ड आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल 25, देवदत्त पडिक्कल 21, शुभमन गिल 17, ऋषभ पंत 23 और वाॅशिंगटन सुदर 10 रन बनाकर सस्ते में आउट हुए। दिन का खेल खत्म होने तक ध्रुव जुरेल 7* रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
न्यूजीलैंड की ओर से कायल जैमिंसन व जैकब डफी को 2-2 विकटे मिले। इसके अलावा मैट हेनरी व नाथन स्मिथ को एक-एक विकेट मिला। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत पहली पारी के आधार पर न्यूजीलैंड से 240 रनों से पीछे है।
ये भी पढ़ें – ऋषभ पंत ने बनाया नया वर्ल्ड रिकाॅर्ड, WTC में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बने