‘आखिर क्रिकेट की दुनिया में चल क्या रहा है?’ वानिंदु हसरंगा के टेस्ट प्रारूप में संन्यास के फैसले से नाखुश है आकाश चोपड़ा
वानिंदु हसरंगा ने 15 अगस्त को इस बात की घोषणा की कि वो टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने जा रहे हैं।
अद्यतन - Aug 17, 2023 1:31 pm

भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा इस बात से काफी हैरान है कि श्रीलंका के बेहतरीन स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। बता दें, वानिंदु हसरंगा ने 15 अगस्त को इस बात की घोषणा की कि वो टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने जा रहे हैं।
वानिंदु हसरंगा ने 2020 में टेस्ट प्रारूप में अपना डेब्यू सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किया था। उन्होंने 4 मुकाबलों में मात्र 4 विकेट अपने नाम किए। जहां एक तरफ लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में उनका प्रदर्शन काफी शानदार रहा है वहीं टेस्ट प्रारूप में वो अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे है।
वानिंदु हसरंगा ने यह फैसला इसलिए लिया है क्योंकि वो फ्रेंचाइजी क्रिकेट टूर्नामेंट में ज्यादा ध्यान देना चाहते हैं। उनके इस फैसले से आकाश चोपड़ा काफी हैरान है और निराश भी। इसको लेकर उन्होंने अपना पक्ष रखा।
आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कहा कि, ‘वानिंदु हसरंगा ने कहा कि अब वो टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलना चाहते हैं। उनकी उम्र अभी 26 साल है और उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से दूरी बना ली है। आखिर वो करना क्या चाह रहे है? क्या यह सही है या गलत? ट्रेंट बोल्ट और एलेक्स हेल्स ने भी अनुबंध नहीं लिया? आखिर क्रिकेट की दुनिया में चल क्या रहा है?’
वानिंदु हसरंगा चाहते क्या है?: आकाश चोपड़ा
पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘इसमें कोई शक नहीं है कि टी-20 क्रिकेट में वानिंदु हसरंगा काफी अच्छे क्रिकेटर है। यह कहना गलत नहीं होगा कि वो श्रीलंका के लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में सबसे अच्छे खिलाड़ी हैं। लेकिन उन्होंने कहा है कि अब उन्हें टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलना है और लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में ज्यादा फोकस करना है।’
इस समय वानिंदु हसरंगा लंका प्रीमियर लीग 2023 में बी लव कैंडी की कप्तानी कर रहे हैं। 30 अगस्त से एशिया कप 2023 की भी शुरुआत होने वाली है और इस टूर्नामेंट में हसारंगा को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।