CSK के खिलाफ मैच में आंद्रे रसेल को थोड़ा ऊपर बल्लेबाजी करते हुए देखना चाहते हैं आकाश चोपड़ा
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की अंक तालिका में कोलकाता नाइट राइडर्स 8वें पायदान पर हैं।
अद्यतन - Apr 23, 2023 4:31 pm

आज यानी 23 अप्रैल को इंडियन प्रीमियर लीग का 33वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच में खेला जाएगा। इस मैच से पहले भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने आंद्रे रसेल को लेकर बड़ा बयान दिया है। वो चाहते हैं कि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में आंद्रे रसेल थोड़ा ऊपर बल्लेबाजी करने आए।
बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की अंक तालिका में इस समय चेन्नई सुपर किंग्स तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने छह मुकाबले खेले हैं जिसमें से 4 में उन्होंने जीत दर्ज की जबकि दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स इस अंक तालिका में 8वें पायदान पर हैं। उन्होंने छह मुकाबलों में 2 में जीत दर्ज की जबकि 4 में उन्हें हार झेलनी पड़ी है।
इस मैच का प्रीव्यू करते हुए आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल में एक वीडियो साझा की जिसमें उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स से यह अपील की कि वो रसेल को बल्लेबाजी करने के लिए थोड़ा ऊपर भेजें। उन्होंने कहा कि, ‘ कोलकाता ने वैसे भी काफी बदलाव किए हैं। क्या वो और बदलाव भी करेंगे? हमें इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता है।
आपने नई ओपनिंग जोड़ी को खिलाया। लिटन दास और जेसन रॉय लेकिन आपको इस पिच में एक तेज विदेशी गेंदबाज की जरूरत है। आपको लॉकी फर्ग्यूसन या टिम साउदी को खिलाना चाहिए।’
आंद्रे रसेल को नंबर आठ पर बल्लेबाजी करने ना भेजें: आकाश चोपड़ा
पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘उसके लिए आपको एक विदेशी बल्लेबाज को बाहर करना होगा। लिटन दास ही बाहर जाएंगे और उनकी जगह जगदीशन खेलेंगे। जेसन रॉय को इसलिए बाहर नहीं किया जा सकता क्योंकि उन्होंने पिछले मैच में रन बनाए थे। नितीश राणा और वेंकटेश अय्यर से आप एक बार फिर से इस मैदान पर बड़े स्कोर की उम्मीद करेंगे। आंद्रे रसेल को नंबर आठ पर बल्लेबाजी करने के लिए ना भेजें।’
CSK को लेकर चोपड़ा ने कहा कि, ‘चेन्नई को किसी भी तरीके की कोई भी परेशानी नहीं है। उनकी टीम के सभी तेज गेंदबाजों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। स्पिनर्स ने भी अपना काम बखूबी से निभाया है। टीम में कोई भी बड़ा बदलाव नहीं होगा।’