आकाश चोपड़ा ने मजेदार अंदाज में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में अक्षर पटेल की तूफानी बल्लेबाजी की तारीफ की
अक्षर पटेल को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अद्यतन - जुलाई 25, 2022 12:48 अपराह्न

अक्षर पटेल ने 24 जुलाई को बल्ले और गेंद दोनों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया को दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज को दो विकेट से हराकर जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल करने में मदद की। अक्षर पटेल को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के समापन के बाद भारत के पूर्व बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने मजेदार अंदाज में अक्षर पटेल की तारीफ की और कहा वह दूसरे वनडे मैच में स्पिन गेंदबाज कम बल्कि एक माहिर बल्लेबाज लग रहे थे। आपको बता दें, इस स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर ने नाबाद 64 रनों की पारी खेली और साथ ही दीपक हुड्डा (33) के साथ 51 रनों की साझेदारी की। उन्होंने नौ ओवरों में 40 रनों के नुकसान पर एक विकेट भी लिया।
आकाश चोपड़ा हुए अक्षर पटेल के मुरीद
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में कहा: “बापू सेहत के लिए तू तो हानिकारक है। अक्षर पटेल, आपके पैर कहां हैं, छूने का मन कर रहा है, क्योंकि यह मैच रात भर जागकर देखने लायक था। उन्होंने अपने करियर का पहला अर्धशतक लगाया और साथ ही छक्के के साथ मैच का अंत किया, जो देखने में शानदार था।
अक्षर पटेल इस मैच में शानदार थे और मेरे अनुसार, वह प्लेयर ऑफ द मैच पाने के लिए हकदार थे। संजू सैमसन जब आउट हुए तो लगा कि सब कुछ खत्म हो गया है। अक्षर क्रीज पर दीपक हुड्डा के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे, इसलिए मुझे उम्मीद थी कि रन बन सकते हैं, लेकिन वे इतने रन बना पाएंगे सोचा नहीं था, क्योंकि हमें प्रति ओवर 10-11 रनों की जरूरत थी।”
क्रिकेट पंडित ने आगे कहा अक्षर पटेल की बल्लेबाजी देखकर ऐसा लग रहा था जैसे वह एक विशेषज्ञ बल्लेबाज है। आकाश चोपड़ा ने आगे कहा: “उन्होंने गेंदबजों की जमकर पिटाई की। उनका बल्ला गेंद पर इतनी अच्छी तरह से प्रहार कर रहा था कि ऐसा लग रहा था कि अक्षर पटेल वास्तव में एक माहिर बल्लेबाज है, वह बिल्कुल भी गेंदबाज की तरह नहीं लग रहा था, वह क्रीज पर केवल एक बल्लेबाज नजर आ रहा था। वह देखने में बहुत अभूतपूर्व था।”
उन्होंने अंत में कहा: “अक्षर जिस तरह से अपनी भावनाओं पर नियंत्रण कर पाने में सक्षम है, वो चीज मुझे बहुत पसंद आई। आवेश खान रन नहीं बना रहा था, लेकिन अक्षर शांत, स्थिर और नियंत्रित लग रहे थे, वह खराब गेंद का इंतजार कर रहे थे, जो काइल मेयर्स ने डाली और उन्होंने उस पर सीधा छक्का लगाकर भारत को मैच जीता दिया।”