IND vs ENG: “उनके करियर में चोट सबसे बड़ी समस्या रही है” चोटिल राहुल को लेकर बोले आकाश चोपड़ा
हैदराबाद टेस्ट मैच की पहली पारी में केएल राहुल ने बनाए थे 86 रन।
अद्यतन - जनवरी 30, 2024 11:23 पूर्वाह्न

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बताया है कि केएल राहुल के करियर में चोटें और बीमारी उनके करियर की सबसे अधिक दिक्कत रही है। शुक्रवार, 2 फरवरी को विशाखापत्तनम में पांच मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट में भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। टीम इंडिया को वहां रवींद्र जडेजा और राहुल की कमी खलेगी, स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडर की हैमस्ट्रिंग में चोट है, और राहुल ने अपने दाहिने क्वाड्रिसेप्स के हिस्से में दर्द की शिकायत की है।
केएल राहुल को हमेशा गलत समय पर चोट लगती है- आकाश चोपड़ा
अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में, चोपड़ा ने कहा कि राहुल को कई बार गलत समय पर चोट लगी है। इससे उनको काफी नुकसान भी झेलना पड़ा है। उन्होंने कहा कि, “केएल राहुल के करियर में यह सबसे बड़ी समस्या रही है। चोटें या बीमारियां गलत समय पर आई हैं और वे कई बार आई हैं। जब आपको लगता है कि सब कुछ ठीक हो गया है – चोट, डेंगू या COVID - कुछ न कुछ गलत हो जाता है उसे. मुझे लगता है कि उसकी कुंडली में राहु बैठा है।”
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज को लगता है कि कर्नाटक के खिलाड़ी की अनुपस्थिति मेजबान टीम के लिए एक बड़ा झटका है। आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि, “जिस तरह से उन्होंने पहली पारी में खेला, और ईमानदारी से कहें तो दूसरी पारी में भी वह निश्चिंत होकर बल्लेबाजी कर रहे थे। हमारी टीम में बहुत कम लोग हैं जो स्वीप खेलते हैं। रोहित शर्मा और केएल राहुल स्वीप खेलते हैं, और केएल राहुल अब इस मैच में नहीं होंगे।”
केएल राहुल ने सीरीज के शुरूआती मैच की पहली पारी में 86 रन बनाए और डेब्यू कर रहे टॉम हार्टले की गेंद पर डीप मिडविकेट पर रेहान अहमद के हाथों कैच आउट हो गए। दूसरी पारी में 22 रन की पारी के दौरान वह क्रीज पर सहज दिख रहे थे, लेकिन जो रूट ने विकेट के सामने उन्हें फंसा दिया।
आपको बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया को कई दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है। विराट कोहली पहले ही टीम से बाहर हैं। वहीं अब जडेजा और केएल राहुल के बाहर होने से टीम का कॉम्बिनेशन बिगड़ गया है।