वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर बने दिल्ली अंडर-19 टीम के कप्तान, वीनू मांकड़ ट्राॅफी में संभालेंगे कमान
ऑस्ट्रेलिया सीरीज में अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ी पारियां नहीं खेल पाए थे आर्यवीर
अद्यतन - अक्टूबर 5, 2026 2:04 अपराह्न

पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को दिल्ली अंडर-19 टीम की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने उन्हें 2026-27 वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया है।
18 वर्षीय आर्यवीर पहली बार घरेलू स्तर पर किसी बड़े टूर्नामेंट में दिल्ली की कप्तानी करेंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 8 अक्टूबर से विशाखापत्तनम में होगी। डीडीसीए ने प्रतियोगिता के लिए 16 सदस्यीय टीम घोषित की है।
आर्यवीर के साथ अरनव बुग्गा को उपकप्तान बनाया गया है। कप्तानी मिलने से आर्यवीर के लिए यह टूर्नामेंट काफी महत्वपूर्ण हो गया है। हाल ही में उन्हें भारत की अंडर-19 टीम की ओर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की युवा वनडे सीरीज खेलने का मौका मिला था।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाए 109 रन
आर्यवीर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों युवा वनडे मुकाबलों में हिस्सा लिया और कुल 109 रन बनाए। बारिश से प्रभावित पहले मुकाबले में उन्होंने 26 गेंदों पर 28 रन बनाए। भारत ने यह मैच 7 रन से जीता था।
दूसरे मुकाबले में आर्यवीर ने 47 रन की पारी खेली, लेकिन रन आउट होने के कारण अर्धशतक से सिर्फ तीन रन दूर रह गए। तीसरे मैच में उन्होंने 34 रन बनाए। इस तरह उन्होंने तीनों मैचों में अच्छी शुरुआत की, लेकिन किसी पारी को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।
आर्यवीर का जूनियर क्रिकेट में प्रदर्शन पहले भी शानदार रहा है। 2024 कूच बिहार ट्रॉफी में उन्होंने दिल्ली के लिए मेघालय के खिलाफ 297 रन की बड़ी पारी खेली थी। वहीं 2026 में उन्होंने दिल्ली प्रीमियर लीग में वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए दो मैच खेले, जिसमें उनके बल्ले से कुल 24 रन निकले।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद आर्यवीर ने माना था कि वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदल नहीं पाए। अब वीनू मांकड़ ट्रॉफी में उनके सामने रन बनाने के साथ टीम का नेतृत्व करने की चुनौती होगी। दिल्ली को उनसे कप्तान और बल्लेबाज दोनों के रूप में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
वीनू मांकड़ ट्रॉफी 2026-27 के लिए दिल्ली अंडर-19 टीम
आर्यवीर सहवाग (कप्तान), तन्मय चौधरी, अरनव बुग्गा (उपकप्तान), धन्या नकरा, उदय चावला, गर्व कुमार, अभिराज गगन सिंह (विकेटकीपर), तरुण सिंह (विकेटकीपर), आर्यन शर्मा, ओजसदीप सिंह, किरीट कौशिक, वरुण वनजानी, रुद्र देव यादव, प्रद्युम्न सनन, पार्थ राज और शांतनु यादव।
ये भी पढ़ें – केएल राहुल ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज के खिलाफ रिकाॅर्ड शतक लगाकर एलीट लिस्ट में हुए शामिल