”यह मेरे लिए थोड़ा हैरान करने वाला है”- चहल के बाहर होने पर बोले एबी डिविलियर्स
हाल ही में समाप्त हुए वेस्टइंडीज दौरे पर चहल का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था।
अद्यतन - Aug 27, 2023 1:25 pm

इस सप्ताह की शुरुआत में सोमवार को बीसीसीआई ने आगामी एशिया कप के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की। यह टूर्नामेंट अगले सप्ताह पाकिस्तान और श्रीलंका में शुरू होने वाला है। एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए की गई – जिसमें भारत के कप्तान, रोहित शर्मा और बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता, अजीत अगरकर मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने इस बात का संकेत दिया कि वर्ल्ड कप की टीम एशिया कप के लिए चुनी गई टीम से मिलती जुलती होगी।
केएल राहुल और श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल करने से फैंस और टीम मैनेजमेंट को राहत मिली है। दोनों खिलाड़ी, जो चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे थे उनके आने से भारतीय टीम का मिडिल ऑर्डर काफी मजबूत हुआ है। अगरकर ने यह भी बताया कि अय्यर की रिकवरी पूरी हो चुकी है, जबकि केएल राहुल एशिया कप के शुरुआती कुछ मैचों से बाहर हो सकते हैं।
हालांकि टीम चयन के दौरान सेलेक्टर्स ने कुछ हैरान करने वाले फैसले लिए और उन्होंने लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को टीम से बाहर कर दिया। इसके बाद चहल को बाहर करने के फैसले पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं मैनेजमेंट ने उनकी जगह कुलदीप यादव को पहले टीम में रखा। अब चहल को टीम से बाहर करने के फैसले पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स ने बड़ा बयान दिया है।
युजवेंद्र चहल के एशिया कप टीम से बाहर होने पर निराश हैं एबी डिविलियर्स
पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कप्तान, जो अपने आईपीएल कार्यकाल के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का हिस्सा थे उन्होंने उस वक्त चहल के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था। उन्होंने कहा कि चहल को एशिया कप के लिए टीम में जगह नहीं मिला निराशाजनक है।
डिविलियर्स ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कहा कि, “चहल को बाहर कर दिया गया है, चयनकर्ताओं ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं कि वे किसे चुनेंगे। यह मेरे लिए थोड़ा निराशाजनक है, युजी हमेशा बहुत उपयोगी होता है और आपकी टीम में लेग-स्पिनिंग विकल्प होना बहुत अच्छा है। हम जानते हैं कि वह कितना कुशल है।”
पिछले कुछ समय से वनडे फॉर्मेट में चहल का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा था और हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ समाप्त हुई वनडे सीरीज में इस लेग स्पिनर को एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। वहीं T20I में चहल ने 9.05 की महंगी इकॉनमी रेट से दो मैचों में पांच विकेट लिए।