क्या सितांशु कोटक के कोचिंग स्टाफ से जुड़ने के बाद अभिषेक नायर का पद खतरे में है?
इस समय भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर हैं और सपोर्ट स्टाफ में बल्लेबाजी कोच नहीं है
अद्यतन - Jan 17, 2025 5:10 pm

भारत के सहायक कोच अभिषेक नायर इस समय एक मुश्किल स्थिति में है, क्योंकि पिछले कुछ समय से ऐसी रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं कि सितांशु कोटक को टीम इंडिया का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया जा सकता है। इस समय भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर है और सपोर्ट स्टाफ में कोई बल्लेबाजी कोच नहीं है।
बीसीसीआई की रिव्यू मीटिंग में सपोर्ट स्टाफ की भूमिका को लेकर काफी बातचीत हुई थी और गौतम गंभीर को इस भूमिका के लिए एक स्पेशलिस्ट चाहिए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के अभ्यास सत्र के दौरान अभिषेक नायर को उन खिलाड़ियों के साथ मेहनत करते हुए देखा गया था, जो प्लेइंग XI में नहीं थे।
यही नहीं उन्होंने लोअर ऑर्डर खिलाड़ी और गेंदबाजों को भी महत्वपूर्ण बातें बताई थी। सिडनी टेस्ट के अभ्यास सत्र के दौरान भी उन्हें खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण टिप्स देते हुए देखा गया था।
आपके कोचिंग स्टाफ क्या कर रहे थे: सुनील गावस्कर
बता दें कि, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा था। पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 3-1 से जीत दर्ज की थी। भारत के खराब प्रदर्शन पर सुनील गावस्कर ने टीम कड़ी आलोचना की थी।
ब्रॉडकास्टर के साथ बात करते हुए सुनील गावस्कर ने सवाल उठाया था कि, ‘आपके कोचिंग स्टाफ क्या कर रहे थे? न्यूजीलैंड के खिलाफ हम 46 रन पर ढेर हो गए थे। जिस तरीके से बचे हुए मैच में हमने प्रदर्शन किया वो निराशाजनक था। हम लोगों ने काफी खराब बल्लेबाजी की थी, लेकिन इसमें बेहतर कुछ भी नहीं हुआ।’
बता दें कि टीम इंडिया को अब इंग्लैंड के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत 22 जनवरी से हो रही है। पहले पांच मैचों की टी-20 सीरीज, फिर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। वहीं टीम इंडिया को 19 फरवरी से शुरू हो रहे चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी भाग लेना है। अगर टीम को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को अपने नाम करना है, तो बल्लेबाजों को धमाकेदार प्रदर्शन करना बेहद जरूरी है।