27 दिसंबर से UAE में लौटेगी अफगानिस्तान प्रीमियर लीग, बाकी बची फ्रेंचाइजी पर जल्द फैसला होने की उम्मीद: ACB

27 दिसंबर से UAE में लौटेगी अफगानिस्तान प्रीमियर लीग, बाकी बची फ्रेंचाइजी पर जल्द फैसला होने की उम्मीद: ACB

आठ साल बाद अफगानिस्तान प्रीमियर लीग की होगी वापसी।

Afghanistan Premier League Set for UAE Return on December 27 as ACB Finalises Final Franchises (Image credit Twitter - X)
Afghanistan Premier League Set for UAE Return on December 27 as ACB Finalises Final Franchises (Image credit Twitter – X)

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) की वापसी को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि इस टी20 लीग की शुरुआत 27 दिसंबर 2026 से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होगी। टूर्नामेंट में काबुल, कंधार, बल्ख, पक्तिया और नंगरहार की पांच टीमें हिस्सा लेंगी। हालांकि, अभी दो फ्रेंचाइजी के साथ समझौता पूरा नहीं हुआ है।

एसीबी ने अब तक तीन फ्रेंचाइजी मालिकों के साथ करार कर लिया है, जबकि बाकी दो के लिए बातचीत जारी है। इन दो स्थानों के लिए पांच इच्छुक पक्ष सामने आए हैं, जिनमें अफगानिस्तान और भारत के निवेशक भी शामिल हैं।

बोर्ड के सीईओ नसीब खान ने बताया कि उनका मकसद जल्दबाजी में टीम मालिक चुनना नहीं, बल्कि ऐसे निवेशकों को जोड़ना है जो आर्थिक रूप से मजबूत हों और लंबे समय तक लीग का साथ दे सकें।

1500 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन

अफगानिस्तान प्रीमियर लीग के लिए खिलाड़ियों का ड्राफ्ट अक्टूबर 2026 के आखिरी सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। अब तक लगभग 1500 खिलाड़ियों ने अपना नाम दर्ज कराया है, जिनमें कई बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भी शामिल हैं।

नसीब खान के अनुसार, एक विशेष समिति खिलाड़ियों की जांच कर रही है। इसके अलावा अफगान कोचों की सूची भी तैयार की जा रही है। टीमों के कप्तान और बाकी कोचिंग स्टाफ का चयन फ्रेंचाइजी की जरूरतों के अनुसार होगा।

2018 में खेला गया था पहला सीजन

अफगानिस्तान प्रीमियर लीग का पहला आयोजन 2018 में हुआ था, जिसमें बल्ख लीजेंड्स ने खिताब जीता था। इसके बाद भुगतान से जुड़े विवाद के कारण दूसरा सीजन आयोजित नहीं हो सका।

अब बोर्ड लीग को दोबारा सफल बनाने की कोशिश कर रहा है। एसीबी को उम्मीद है कि इंग्लैंड के खिलाड़ी भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। हालांकि, इंग्लैंड और अफगानिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों को लेकर मतभेद बने हुए हैं। बोर्ड ने सभी क्रिकेट बोर्डों के साथ बेहतर संबंध बनाए रखने की बात कही है।

close whatsapp