हरभजन सिंह ने शुभमन गिल के गलत आउट दिए जाने पर दिया चौंकाने वाला बयान, कहा- मुझे लगता है यह नॉटआउट……
हरभजन सिंह ने कहा कि, मेरे ख्याल से यह नॉटआउट था, दरअसल आपको जहां ज़ूम करना चाहिए था अपने वहां क्यों नहीं किया।
अद्यतन - जून 11, 2023 1:32 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के ओवल स्टेडियम में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। हालांकि इस मुकाबले में टीम इंडिया के खिलाड़ी शुभमन गिल के आउट होने पर जमकर विवाद हो रहा है। दरअसल कई फैंस और एक्सपर्ट का मानना है कि, उन्हें थर्ड अंपायर द्वारा गलत आउट करार दिया गया।
जिसके बाद फैंस के साथ साथ कई दिग्गज खिलाड़ी भी थर्ड अंपायर के फैसले पर सवाल खड़े कर रहे हैं। बता दें टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह ने भी शुभमन गिल को गलत आउट दिए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि मुझे लगता है कि यह नॉटआउट था।
अंपायर के फैसले से शुभमन गिल भी दिखे नाराज
दरअसल स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत करते हुए हरभजन सिंह ने कहा कि, मेरे ख्याल से यह नॉटआउट था। दरअसल आपको जहां ज़ूम करना चाहिए था अपने वहां क्यों नहीं किया। ये मेरी समझ से एकदम परे है। आपके पास टेक्नोलॉजी है, कैमरा है। यहां तक कि आप कहते हो कि हमारे पास वह हर छोटी छोटी चीज मौजूद है जो हमें फैसला लेने में मदद करेगी। लेकिन ये फैसला तो गलत निकला। आप थोड़ा और समय ले लेते।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, आप देखें कि गेंद उनकी दोनों उंगलियों के बीच में है और उंगलियां जो है वह बॉल पर नहीं थी। इसका मतलब तो यही हुआ कि गेंद नीचे टच हुई थी तो फिर इसे कैसे आउट करार दिया जा सकता है? अगर आपको इसपर यकीन नहीं था कि यहां दो उंगली लगी है या नहीं लगी है तो ये नॉटआउट ही होना चाहिए था।
बता दें दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरे शुभमन गिल को स्कॉट बोलैंड ने आउट कर पवेलियन भेजा। दरअसल शुभमन गिल को थर्ड अंपायर के गलत फैसले का शिकार होना पड़ा। स्कॉट बोलैंड की गेंद पर कैमरून ग्रीन ने शुभमन गिल का कैच अपने बाएं ओर डाइव लगाते हुए पकड़ा। लेकिन जब इसे स्लो मोशन में जूम करके देखा गया तो गेंद उनके दोनों उंगलियों के बीच से घास को टच कर रही थी। लेकिन इसके बाद भी थर्ड अंपायर ने आउट करार दिया। जिसके बाद इसको लेकर काफी विवाद हो रहा है।