चोटिल मैथ्यू कुह्नमैन की जगह काउंटी चैंपियनशिप में डरहम स्क्वॉड से जुड़े एजाज पटेल - क्रिकट्रैकर हिंदी

चोटिल मैथ्यू कुह्नमैन की जगह काउंटी चैंपियनशिप में डरहम स्क्वॉड से जुड़े एजाज पटेल

यॉर्कशायर के खिलाफ मुकाबले से पहले डरहम टीम से जुडेंगे एजाज पटेल।

Azaz Patel Mathew Kuhnemann (Photo Source: Twitter)
Azaz Patel Mathew Kuhnemann (Photo Source: Twitter)

ऑस्ट्रेलियाई युवा खिलाड़ी मैथ्यू कुह्नमैन ने भारत के खिलाफ हाल ही में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में शानदार डेब्यू किया था। मैथ्यू कुह्नमैन ने सीरीज के दौरान तीन टेस्ट मैचों में 9 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में मैथ्यू कुह्नमैन ने ऑस्ट्रेलिया की जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी। मैथ्यू कुह्नमैन इस वक्त पीठ के चोट से जूझते हुए नजर आ रहे हैं, जिसके चलते वह काउंटी चैंपियनशिप डिविजन-2 2023 से बाहर हो चुके हैं।

मैथ्यू कुह्नमैन को यह चोट ग्लेमोर्गन के खिलाफ पिछले महीने खेले गए मैच के दौरान लगी थी। काउंटी चैंपियनशिप के आगे के मैचों के लिए न्यूजीलैंड के स्पिनर गेंदबाज एजाज पटेल ने मैथ्यू कुह्नमैन को डरहम स्क्वॉड में रिप्लेस कर दिया है।

यॉर्कशायर के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम का हिस्सा बनेंगे एजाज पटेल

न्यूजीलैंड के स्पिनर गेंदबाज एजाज पटेल यॉर्कशायर के खिलाफ होने वाले आगामी मुकाबले से पहले डरहम की टीम से जुड़ेंगे। आपको बता दें एजाज पटेल ने यॉर्कशायर के लिए अपना काउंटी डेब्यू किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक एजाज पटेल कुल 7 मैचों के लिए डरहम के स्क्वॉड का हिस्सा रहने वाले हैं।

एजाज पटेल ने ESPNCricinfo पर बात करते हुए बताया, ‘मैंने काउंटी क्रिकेट का हमेशा से ही लुत्फ उठाया है। मुझे वापस से खेलने का मौका मिल रहा है। मैं डरहम से जुड़ने के लिए उत्साहित और आभारी हूं। मैंने क्लब के बारे में बहुत अच्छी बातें सुनी है, वहां पहुंचने और खेलने का इंतजार नहीं कर सकता।’

एजाज पटेल के टीम से जुड़ने पर डरहम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट मार्कस नॉर्थ का कहना है, ‘मैथ्यू कुह्नमैन के बाहर होने के बाद यह जरूरी था कि हम किसी ऐसे को लेकर आए जो हमारी रेड बॉल टीम को मजबूत और संतुलित रख सकें। एजाज की उपस्थिति टीम को और मजबूत बनाएगी।’

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 300 विकेट अपने नाम कर चुके हैं एजाज पटेल

एजाज पटेल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्यूजीलैंड के लिए शानदार खेल दिखाया है। न्यूजीलैंड के लिए 14 टेस्ट मैचों में 31.45 के औसत से एजाज पटेल 48 विकेट ले चुके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 88 मैचों में एजाज पटेल ने 300 विकेट अपने नाम किए हैं। भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान एजाज पटेल ने एक पारी में 10 विकेट अपने नाम किए थे। जिसके चलते उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी थी।

close whatsapp