अजिंक्य रहाणे ने खटखटाया वापसी का दरवाजा, दिलीप ट्रॉफी में जड़ा दोहरा शतक - क्रिकट्रैकर हिंदी

अजिंक्य रहाणे ने खटखटाया वापसी का दरवाजा, दिलीप ट्रॉफी में जड़ा दोहरा शतक

अजिंक्य रहाणे ने यशस्वी जयसवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 333 रन की साझेदारी की और दोनों ही खिलाड़ियों ने दोहरा शतक जड़ा।

Ajinkya Rahane
Ajinkya Rahane. (Photo Source: Getty Images)

भारत के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने चोट से वापसी करते हुए दिलीप ट्रॉफी 2022 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दोहरा शतक जड़ा। बता दें, अजिंक्य रहाणे ने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मुकाबला इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से खेला था। इस टूर्नामेंट के बीच में उन्हें हैमस्ट्रिंग की चोट का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से वो जून में भारत के इंग्लैंड दौरे और रणजी ट्रॉफी 2022 के दूसरे हाफ से बाहर हो गए थे।

दिलीप ट्रॉफी के इस सत्र में रहाणे वेस्ट जोन की कप्तानी कर रहे हैं। नॉर्थ जोन के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में यशस्वी जयसवाल और पृथ्वी शॉ ने वेस्ट जोन को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी की। शॉ ने इस मैच में 121 गेंदों में 113 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद अजिंक्य रहाणे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए।

उन्होंने यशस्वी जयसवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 333 रन की साझेदारी की और दोनों ही खिलाड़ियों ने दोहरा शतक जड़ा। तीसरे दिन का पहला सेशन खत्म होने से पहले यशस्वी जयसवाल ने 321 गेंदों में 228 रन बनाए, वहीं रहाणे ने 264 गेंदों में 207* रन की शानदार पारी खेली। टीम ने अपनी पहली पारी 590 रन पर घोषित कर दी।

मैं फिर से शून्य से शुरू करना चाहता हूं: अजिंक्य रहाणे

बता दें, इस दोहरे शतक से पहले रहाणे ने रणजी ट्रॉफी 2022 में सौराष्ट्र के खिलाफ शतक और गोवा के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। दिलीप ट्रॉफी के शुरू होने से पहले रहाणे ने कहा था कि वो एक नई शुरूआत करना चाहते हैं और जबरदस्त प्रदर्शन करने को देख रहे हैं।

चोट से ठीक होने के बाद रहाणे ने कहा कि, ‘यह घरेलू सत्र मेरे लिए काफी जरूरी है। मैं फिर से शून्य से शुरू करना चाहता हूं। मैं ना ही अपने अतीत को लेकर ज्यादा सोचता हूं और ना ही अपने भविष्य को लेकर। मैं सिर्फ इस पल को जीना चाहता हूं। जब आप मैदान पर उतरते हैं तो एक अलग ही खुशी आपको मिलती है और मैं बस उसी का अनुभव लेना चाहता हूं।’

close whatsapp