USA vs Bangladesh

दूसरे टी-20 मैच में भी बांग्लादेश को मिला रियलिटी चेक, यूएसए ने 6 रनों से जीत के साथ सीरीज भी किया अपने नाम

अमेरिका की टीम ने बांग्लादेश को दूसरे टी20 मुकाबले में 6 रनों से हरा दिया।

USA vs BAN (Pic Source X)
USA vs BAN (Pic Source X)

टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन अगले महीने (जून) अमेरिका और वेस्टइंडीज में किया जाना है। इस टूर्नामेंट के लिए सभी टीमें जोर शोर से तैयारी कर रही हैं और इसी कड़ी में बांग्लादेश की टीम वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए अमेरिका के दौरे पर है। जहां बांग्लादेश और अमेरिका के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आयोजन किया जा रहा है।

अमेरिका ने इस सीरीज के पहले मुकाबले को अपने नाम किया था और अब उन्होंने दूसरे मैच में भी जीत दर्ज की है। अमेरिका ने इसी के साथ सीरीज भी अपने नाम कर लिया है। वह इस सीरीज में 2-0 से आगे हैं और तीसरे मुकाबले में उनके पास बांग्लादेश को क्लीन स्वीप कर इतिहास रचने का मौका है।

USA vs Bangladesh दूसरे टी-20 मैच का हाल

अमेरिका और बांग्लादेश के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। इसके बाद अमेरिका की टीम बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर उतरी उन्होंने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 144 रन बनाए। इस दौरान टीम के सलामी बल्लेबाज स्टीवन टेलर और मोनंक पटेल ने शानदार शुरुआती की। उन्होंने पहले विकेट के लिए दोनों ने 44 रन जोड़े।

स्टीवन टेलर ने 28 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 31 रन बनाए, वहीं मोनंक पटेल ने 38 गेंदों पर 42 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा आरोन जोन्स ने 35 रन और सीजे एंडरसन ने 11 रनों की पारी खेली। बांग्लादेश की ओर से शोरफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर और रिशाद हुसैन ने दो-दो विकेट झटके।

हालांकि बांग्लादेश के पास लक्ष्य ज्यादा बड़ा नहीं था। इस मैच में 145 रनों के टारगेट का पीछा कर रही बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवर में 138 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई और अमेरिका ने यह मुकाबला 6 रनों से अपने नाम कर लिया। सीरीज का तीसरा मुकाबला 25 मई को खेला जाएगा। इस मैच में अमेरिका के अली खान को शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है। उन्होंने 3.3 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके।

close whatsapp