हरभजन सिंह ने की शुभमन गिल को लेकर बड़ी भविष्यवाणी, कहा- अगले कुछ सालों में वह भारत के लिए बड़ी-बड़ी पारियां खेलेंगे - क्रिकट्रैकर हिंदी

हरभजन सिंह ने की शुभमन गिल को लेकर बड़ी भविष्यवाणी, कहा- अगले कुछ सालों में वह भारत के लिए बड़ी-बड़ी पारियां खेलेंगे

हरभजन सिंह ने कहा कि, शुभमन गिल लंबे समय तक टीम इंडिया के लिए खेलेंगे।

Harbhajan Singh And Shubhman Gill (Photo Source: Twitter)
Harbhajan Singh And Shubhman Gill (Photo Source: Twitter)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16 वें सीजन में गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। इस टीम ने अब तक 9 मैच खेले हैं, जिसमें 6 में जीत और 3 में हार का सामना किया है। वहीं गुजरात की टीम के कई खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरी हैं, इनमें से एक हैं शुभमन गिल।

बता दें आईपीएल 2023 में शुभमन गिल काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। दरअसल गुजरात के युवा ओपनर शुभमन गिल अपनी टीम को अच्छी शुरूआत दे रहे हैं जो इस फॉर्मेट में किसी भी टीम के लिए सबसे ज्यादा जरूरी होता है। साथ ही अपने जबरदस्त परफॉरमेंस से वह तारीफें भी बटोर रहें हैं।

शुभमन गिल लंबे समय तक टीम इंडिया के लिए खेलेंगे- हरभजन सिंह 

हाल ही में Star Sports पर बातचीत करते हुए भारत के पूर्व गेंदबाज हरभजन सिंह ने शुभमन गिल की जमकर तारीफ की। उनका मानना है कि वह लंबे समय तक टीम इंडिया के लिए खेलेंगे और अच्छा प्रदर्शन भी करेंगे। उन्होंने कहा कि, अगले कुछ सालों में सबकी निगाहें शुभमन गिल पर होंगी। वह क्रिकेट बॉल के परफेक्ट टाइमर दिखाई देते हैं।

उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, शुभमन गिल कई बड़ी पारियां खेलेंगे और सभी फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए खेलेंगे। आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए प्रदर्शन ने उन्हें काफी आत्मविश्वास दिया होगा। गिल स्पिनर्स के खिलाफ सहज रहते हैं। वह इस कला के मास्टर हैं, अगर स्पिनर गिल को बाहर निकलने पर मजबूर करते हैं तो भी उनका ध्यान नहीं भटकता। वह अपना पूरा समय लेते हैं और अपने स्टाइल में खेलते हैं।

वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने भी शुभमन गिल की तारीफ की है। संजय मांजरेकर ने कहा कि, जब स्पिनर अटैक करते हैं तो शुभमन गिल विकेट पर टिके रहते हैं और यह गुजरात टाइटंस के लिए अच्छा है। वह स्पिनर्स को अच्छे से पढ़ते हैं और बेवजह खतरा नहीं उठाते हैं।

close whatsapp