‘दिन हो या रात’ मैं भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की डगमगाई हुई बल्लेबाजी की मदद करना चाहता हूं- मैथ्यू हेडन
हेडन ने कहा है कि वह बिना कोई पैसा लिए, ऑस्ट्रेलियाई टीम की मदद करने के लिए तैयार हैं।
अद्यतन - फरवरी 21, 2023 12:42 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही बाॅर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के पहले दो मैचों में मेहमान कंगारू टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। बता दें कि नागपुर में हुए पहले टेस्ट मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को रौंदते हुए पारी को 132 रनों के बड़े अंतर से हराया था।
तो दूसरी तरफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए दूसरे टेस्ट मैच में भी भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी और चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। तो वहीं इस सीरीज के दौरान स्टार स्पोर्ट्स की इंग्लिश कंमेंट्री पैनल का हिस्सा और पूर्व ऑस्ट्रेलिया दिग्गज मैथ्यू हेडन ने कहा है कि इस सीरीज के दौरान संघर्ष करती हुई कंगारू टीम की मदद करना चाहते हैं।
गौरतलब है कि जब ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय सरजमीं पर साल 2004 में टेस्ट सीरीज जीती थो, उस सीरीज का हेडन हिस्सा थे। तो वहीं इस सीरीज के बाद अभी तक ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने कोई भी टेस्ट सीरीज भारत में नहीं जीत पाई है।
मैथ्यू हेडन ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि न्यूजपेपर एज ने जब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को मदद करने से जुड़ा हुआ एक सवाल मैथ्यू हेडन से पूछा तो उन्होंने कहा- 100 प्रतिशत, दिन हो या रात या कोई भी समय। मैं उनकी मदद करना चाहता हूं। मुझे भरोसा है कि मैंने इससे पहले किसी और के लिए काम किया है और जब उन्होंने मुझसे कोई मदद मांगी है तो मैंने हमेशा हां कहा है बिना समय की परवाह किए।
तो वहीं आपको भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही बाॅर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के बारे में बताएं तो अब दोनों टीमों के बीच तीसरा टेस्ट मैच 1 से 5 मार्च के बीच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। खैर अब देखने लायक बात होगी कि क्या कंगारू टीम इस मैच में वापसी कर पाती है या नहीं।