मिकी आर्थर की नियुक्ति पर भड़के रमीज राजा, कहा- यह सर्कस के जोकर जैसा
मिकी आर्थर 2016 से 2019 तक पाकिस्तान टीम के हेड कोच का रोल निभा चुके हैं।
अद्यतन - अप्रैल 21, 2023 8:05 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन रमीज राजा ने मिकी आर्थर को डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किए जाने पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यह फैसला पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हित में नहीं है। दरअसल मिकी आर्थर को दोबारा पाकिस्तान टीम का डायरेक्टर बनाया गया है।
वहीं इस फैसले पर रमीज राजा भड़कते नजर आए और उन्होंने इसकी तुलना सर्कस के जोकर तक से कर दी। इसके साथ ही उन्होंने मौजूदा अध्यक्ष नजम सेठी पर भी सवाल उठाए हैं और कहा कि उन्हें क्रिकेट की कोई समझ नहीं है और वो पाकिस्तान क्रिकेट चला रहे हैं।
क्रिकबज से बातचीत करते हुए रमीज राजा ने कहा कि, पाकिस्तान क्रिकेट को रन करने के लिए किसी कोच या डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की नियुक्ति पहली बार इस तरीके से हुई है। दरअसल उनका पहला काम तो अपनी काउंटी टीम के साथ रहेगा और फिर उसके बाद ही पाकिस्तान क्रिकेट उनकी लिस्ट में है।
नजम सेठी को क्रिकेट की बिल्कुल भी नॉलेज नहीं है: रमीज राजा
रमीज राजा ने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि, पीसीबी चेयरमैन नजम सेठी को क्रिकेट की बिल्कुल भी नॉलेज नहीं है और उन्हें 12 लाख रुपये महीना सैलरी मिल रही है। वह क्लब मैच में भी प्लेइंग इलेवन नहीं बना पाएंगे। दरअसल, ये बहुत ही अजीब फैसला है, जिसमें ऐसे शख्स को पाकिस्तान क्रिकेट टीम का डायरेक्टर चुना गया है, जो दूर बैठकर टीम को कोचिंग देगा।
बता दें कि मिकी आर्थर 2016 से 2019 तक पाकिस्तान टीम के हेड कोच का रोल निभा चुके हैं। वहीं रमीज राजा ने सवाल उठाया है कि टीम से दूर रहकर कैसे मिकी आर्थर पाकिस्तान टीम को गाइड कर पाएंगे। आपको बता दें कि रमीज राजा को हटाए जाने के बाद जब से नजम सेठी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन बने तब से यह उम्मीद लगाई जा रही थी कि पाक टीम का हेड कोच मिकी आर्थर को ही नियुक्त किया जा सकता है।