एशले गार्डनर और हैरी ब्रूक ने एक बार फिर आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवार्ड किया अपने नाम - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशले गार्डनर और हैरी ब्रूक ने एक बार फिर आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवार्ड किया अपने नाम

हैरी ब्रूक और एशले गार्डनर दोनों ने पहली बार यह पुरस्कार दिसंबर 2022 में एक-साथ जीता था।

Ashleigh Gardner and Harry Brook (Image Source: Getty Images)
Ashleigh Gardner and Harry Brook (Image Source: Getty Images)

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने 13 मार्च को भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और वेस्टइंडीज के युवा स्पिनर गुडाकेश मोती को पछाड़कर फरवरी 2023 के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार जीता। वहीं दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एशले गार्डनर ने महिला केटेगरी में फरवरी 2023 के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का अवार्ड जीता।

आपको बता दें, हैरी ब्रूक ने आईसीसी मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब दूसरी बार अपने नाम किया, और इसके साथी ही इंग्लैंड के स्टार क्रिकेटर पाकिस्तान के बाबर आजम के साथ दो अलग-अलग मौकों पर यह अवार्ड जीतने वाले केवल दूसरे क्रिकेटर बने। वहीं एशले गार्डनर ने भी आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का अवार्ड दूसरी बार जीता है, और दिलचस्प बात तो ये है कि इन दोनों विजेताओं ने पहली बार यह पुरस्कार दिसंबर 2022 में एक-साथ जीता था।

हैरी ब्रूक और एशले गार्डनर ने जीता आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवार्ड

इस बीच, गार्डनर को ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण अफ्रीका में अपने आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप के सफल बचाव में अहम योगदान के लिए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का ताज पहनाया गया है। आपको बता दें, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 में पांच पारियों में 110 रन बनाए और 12.50 की औसत से 10 विकेट लिए थे। वहीं दूसरी ओर, हैरी ब्रूक को खेल के सभी प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया, खासकर टेस्ट क्रिकेट में, जहां उन्होंने फरवरी  में न्यूजीलैंड के खिलाफ 82.25 की औसत से 329 रन बनाए थे।

आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार दोबारा जीतने पर, गार्डनर ने कहा: “मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने मुझे दोबारा इस खिताब के काबिल समझा। फरवरी 2023 यानी पिछला महीना महिला क्रिकेट के लिए अभूतपूर्व रहा है, और यह हमारे खेल के लिए रोमांचक समय है।

वहीं एक और आईसीसी मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार जीतने पर हैरी ब्रूक ने कहा, “इस पुरस्कार को कुछ ही महीनों के अंतराल में दो बार जीतना बहुत बड़ा सम्मान है। मैं अपने साथियों और इंग्लैंड टीम प्रबंधन का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने मेरा समर्थन किया और मुझे मेरी स्ट्रेंथ के अनुसार खेलने की आजादी दी।

close whatsapp