पाकिस्तान के खिलाफ हार के बावजूद भारत कर सकता है एशिया कप 2022 के फाइनल के लिए क्वालीफाई; जानिए कैसे
भारत इस समय एशिया कप 2022 की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है।
अद्यतन - सितम्बर 5, 2022 4:24 अपराह्न

भारत को एशिया कप 2022 के सुपर फोर स्टेज के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 4 सितंबर को पांच विकेट की करारी हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने इस रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया को अंतिम ओवर में मात देकर ग्रुप स्टेज में अपनी पांच विकेट की हार का बदला ले लिया है।
पाकिस्तान ने इस जीत के साथ एशिया कप 2022 के फाइनल में पहुंचने की राह पर पहला कदम बढ़ा लिया है, लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम के समीकरण बिगड़ गए हैं, और उनके लिए आगे की राह थोड़ी मुश्किल हो सकती है।
भारत के लिए फाइनल का सफर हुआ थोड़ा मुश्किल
हालांकि, भारत अब भी एशिया कप 2022 के फाइनल में जा सकता है, इसके लिए उन्हें श्रीलंका और अफगानिस्तान दोनों के खिलाफ अपने आगामी मैच जीतने होंगे, जो आसान तो नहीं लेकिन नामुनकिन भी नहीं है। वैसे इस समय श्रीलंका अच्छे फॉर्म में है, उन्होंने बांग्लादेश और अफगानिस्तान के खिलाफ लगातार दो मैच जीतकर टूर्नामेंट में हुंकार भरी है, जबकि अफगान टीम को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता है।
एशिया कप 2022 की अंक तालिका की बात करे, तो श्रीलंका क्रिकेट टीम इस समय बेहतर नेट रन रेट (0.589) के साथ शीर्ष पर काबिज है, जबकि पाकिस्तान (0.126) दूसरे स्थान पर है। वहीं दूसरी ओर, भारत (-0.126) नेगेटिव नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर है, लेकिन उनकी स्थिति अफगानिस्तान (-0.589) से बेहतर है।
अगर भारत अपने अगले दोनों मैच जीत जाता है, और पाकिस्तान श्रीलंका को मात देने में कामयाब हो जाता है, तो 11 सितंबर खेला जाने वाला एशिया कप 2022 का फाइनल एशियाई चिर-प्रतिद्वंद्वियों के बीच होगा। लेकिन अगर श्रीलंका पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हराने में कामयाब हो जाती है, तो फिर टीम इंडिया को फाइनल में जाने के लिए अपने दोनों मैचों में बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। भारत का अगला मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ 6 सितंबर को है।