एशिया कप 2022: पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरते ही विराट कोहली हासिल कर लेंगे यह उपलब्धि, तमाम भारतीय खिलाड़ियों ने दी बधाइयां - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरते ही विराट कोहली हासिल कर लेंगे यह उपलब्धि, तमाम भारतीय खिलाड़ियों ने दी बधाइयां

BCCI ने एक वीडियो को साझा किया है जिसमें उनके टीम के खिलाड़ियों ने इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए उन्हें मुबारकबाद दी है।

Virat 100 T20Is (Photo Source: BCCI/ Twitter)
Virat 100 T20Is (Photo Source: BCCI/ Twitter)

भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आज यानी 28 अगस्त को अपना 100वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने जा रहे हैं। यह मुकाबला और भी यादगार होने वाला है क्योंकि भारत का सामना आज एशिया कप टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ है। इसी के साथ विराट कोहली भारत के पहले और दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे जो तीनों ही प्रारूपों में 100 या इससे ज्यादा मुकाबले खेलें हो।

भले ही पिछले कुछ समय से विराट कोहली का बल्ला शांत रहा हो, लेकिन उनके नंबरों का तोड़ निकालना बहुत मुश्किल है। ऐसी कई रिकॉर्ड्स है जो विराट कोहली ने अपने नाम किए हैं। सिर्फ अपनी बल्लेबाजी से ही नहीं बल्कि कप्तानी से भी भारतीय टीम को विराट कोहली ने कई यादगार लम्हे दिए हैं। भले ही उनकी कप्तानी में भारत ने एक भी ICC मुकाबला ना जीता हो मगर ऐसी कई सीरीज हैं जिनको जीतकर उन्होंने इतिहास रच दिया है।

लोग उनके रिकॉर्ड्स को काफी लंबे समय तक याद रखेंगे: हार्दिक पांड्या

बस कुछ ही समय में विराट कोहली इस रिकॉर्ड को हासिल कर लेंगे। इसी के साथ BCCI ने एक वीडियो को साझा किया है जिसमें उनके टीम के खिलाड़ियों ने इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए उन्हें मुबारकबाद दी है। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत ने विराट कोहली को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि:

रोहित शर्मा:

सच बताऊं तो यह बिल्कुल भी आसान नहीं होता कि भारत के लिए आप सभी प्रारूपों में 100 मुकाबले खेले। मैं उनको इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए बधाई देना चाहता हूं। यह सच में बहुत बड़ी उपलब्धि है। हर समय जब भी हम उनको देखते हैं तब उनके खेल में काफी निखार देखने को मिलता है। मुझे पूरी उम्मीद है कि एशिया कप में भी कुछ फर्क देखने को नहीं मिलेगा। वो सच में काफी कमाल के खिलाड़ी हैं और मैं बस यही दुआ करूंगा कि अपनी टीम के लिए वह आगे भी ऐसा ही प्रदर्शन करते रहे।

सूर्यकुमार यादव:

100 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले, मुझे लगता है कि यह उपलब्धि सिर्फ विराट भाई के लिए ही है। मुझे लगता है कि जिस तरीके से आप बल्लेबाजी और फील्डिंग करते हैं वह काफी सराहनीय है। हमने आपसे काफी कुछ सीखा है और आप को मैदान पर खेलते हुए देखना काफी अच्छा लगता है। आप बस इस पल का मजा लीजिए।

केएल राहुल:

विराट कोहली पहले भारतीय हैं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है और उन्होंने सच में काफी कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने भारतीय युवा खिलाड़ियों को काफी प्रोत्साहित किया है और उनका साथ भी दिया। उनकी फिटनेस का भी कोई जवाब नहीं है। मैं उम्मीद करता हूं कि आगे वो और भी कई रिकॉर्ड अपने नाम करें।

हार्दिक पांड्या:

इतनी बड़े मात्रा में क्रिकेट खेलना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। रिकॉर्ड्स को हटा दिया जाए, लोग आपके इस उपलब्धि को लंबे समय तक याद रखेंगे और मुझे नहीं लगता कि कोई भी ऐसा खिलाड़ी होगा जो भविष्य में तीनों ही प्रारूपों में 100-100 मुकाबले खेल पाए।

ऋषभ पंत:

भारत के लिए तीनों ही प्रारूपों में 100 मुकाबले खेलना बहुत बड़ी बात है। विराट भाई ने अभी तक अपने करियर में 400 से 500 मुकाबले खेले हैं जो काफी कमाल की बात है। एक खिलाड़ी के रूप में आप उनको देखते हैं और उम्मीद करते हैं कि आपका भी करियर उनकी तरह हो। आप भी भारत के लिए 400 या 500 मुकाबले खेल सके और टीम को कई मुकाबलों में जीत दिलवा सके।

विराट भाई ने जो दबदबा अपना बना लिया है उसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे। लोग आपके बुरे समय में आपको बहुत कुछ बोलते हैं और अच्छे समय में आपकी प्रशंसा करते हैं।

close whatsapp