एशिया कप 2022ः पाकिस्तान की टीम में शाहीन अफरीदी की जगह मोहम्मद हसनैन को किया गया शामिल
घुटने की चोट की वजह से एशिया 2022 से बाहर हो गए हैं शाहीन अफरीदी।
अद्यतन - अगस्त 22, 2022 4:55 अपराह्न

एशिया कप 2022 के लिए पाकिस्तान टीम में शाहीन शाह अफरीदी की 22 वर्षीय तेज गेंदबाज मोहम्मद हसनैन को शामिल किया गया है। आपको बता दें कि घुटने की चोट के कारण शाहीन अफरीदी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। टूर्नामेंट 27 अगस्त, (शनिवार) से शुरू होने वाला है और पाकिस्तान का अभियान रविवार को भारत के खिलाफ शुरू होगा।
हसनैन ने मार्च 2019 में शारजाह में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैच में अपना इंटरनेशल डेब्यू किया। उसके बाद से उन्होंने 18 टी-20 और 8 वनडे मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में अब तक 12 विकेट और सबसे छोटे प्रारूप में 17 विकेट लिए हैं। इससे पहले वो इंग्लैंड में द हंड्रेड मेन्स टूर्नामेंट में ओवल इन्विंसिबल के लिए खेलते हुए नजर आए थे।
अफरीदी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक हैं। वह टेस्ट सीरीज में श्रीलंका दौरे के दौरान चोटिल होने के बाद दूसरे मैच के लिए टीम से बाहर हो गए थे। वह नीदरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के पहले दो मैचों के लिए भी उपलब्ध नहीं थे। लेकिन नीदरलैंड्स के खिलाफ अंतिम एकदिवसीय मैच से एक दिन पहले, यह घोषणा की गई थी कि घुटने की चोट की वजह से वो अब एशिया कप 2022 से बाहर रहेंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से भी बाहर हुए शाहीन अफरीदी
अफरीदी इंग्लैंड के खिलाफ 20 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच होने वाली सात मैचों की T20I श्रृंखला से भी बाहर हो गए हैं। इसको लेकर पाकिस्तान के उप-कप्तान शादाब खान ने कहा कि यह “दुर्भाग्यपूर्ण” है कि अफरीदी एशिया कप के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नजीबुल्लाह सूमरो ने अफरीदी की चोट को लेकर अपना बयान दिया है। सूमरो ने कहा कि, “अब यह स्पष्ट है कि उन्हें और समय की आवश्यकता होगी और अक्टूबर में उनके वापसी की संभावना है।” इस बीच अफरीदी ने एक ट्वीट भी किया, जिसमें लोगों से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने को कहा और यह भी कहा कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे।