विराट कोहली एशिया कप में खेलेंगे इस खास बल्ले से, जाने क्या है इसकी विशेषता
27 अगस्त से एशिया कप 2022 शुरू होने वाला है और भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 28 अगस्त को खेला जाएगा।
अद्यतन - Aug 24, 2022 8:09 pm

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का फॉर्म इस समय काफी निराशाजनक चल रहा है। बता दें, साल 2019 में उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा था जिसके बाद से ही उनके फॉर्म में गिरावट देखने को मिली है।
27 अगस्त से एशिया कप 2022 शुरू होने वाला है और भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 28 अगस्त को खेला जाएगा। हाल ही में संपन्न हुई भारत बनाम जिंबाब्वे सीरीज में कोहली को आराम दिया गया था। उससे पहले वेस्टइंडीज दौरे में भी कोहली को आराम देने का फैसला किया गया था। लेकिन अब एशिया कप 2022 में उन्हें टीम में वापस बुलाया गया है। सभी भारतीय प्रशंसकों की यही दुआ होगी कि वो इस टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करें और अपने पुराने फॉर्म में वापस लौटे।
पिछले महीने खेले जा चुके इंग्लैंड दौरे में विराट कोहली को आखिरी बार खेलते हुए देखा गया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दो टी-20 और दो वनडे मुकाबले खेले थे। हालांकि इस दौरे में भी उनका बल्ला शांत रहा था। अब कोहली भी अपने शानदार फॉर्म में वापसी करने के लिए सब कुछ करने को तैयार होंगे। इस बार का एशिया कप UAE में खेला जाना है और इस टूर्नामेंट में वह एक खास तरीके के बल्ले का उपयोग करेंगे।
स्पेशल गोल्ड विजार्ड गुणवत्ता वाले इस बल्ले को विराट कोहली एशिया कप टूर्नामेंट में इस्तेमाल करेंगे। स्पोर्ट्स लॉन्चपैड के यूट्यूब चैनल पर इस बल्ले को लेकर जो जानकारी साझा की गई उसमें बताया गया कि यह बल्ला शानदार अंग्रेजी विलो लकड़ी से बना है जिसकी कीमत कम से कम 22,000 रुपए है। एशिया कप 2022 टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 11 सितंबर को खेला जाएगा।
https://twitter.com/King18Vk/status/1562327938531332096?s=20&t=-XxIWmusjbQhxSAZcIJsVw
बस यही दुआ रहेगी कि विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ अपने शानदार फॉर्म में ना वापस आ जाएं: वसीम अकरम
1000 से ज्यादा दिन हो गए हैं जबसे विराट कोहली ने किसी भी प्रारूप में भारत के लिए शतक नहीं जड़ा है। विराट कोहली के खराब फॉर्म को लेकर और आने वाले मुकाबले को लेकर पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने स्टार स्पोर्ट्स में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘सिर्फ इस युग में ही नहीं बल्कि विराट कोहली हमेशा के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं। वो अभी भी काफी फिट हैं। भारतीय स्क्वाड में अभी भी वह सर्वश्रेष्ठ फील्डरों में से एक हैं। जैसे कि कहा जाता है क्लास हमेशा रहता है और विराट कोहली में ऐसा देखा गया है।
मैं बस यही दुआ करता हूं कि कहीं कोहली पाकिस्तान के खिलाफ अपने शानदार फॉर्म में वापस ना आ जाए। वसीम अकरम ने कोहली और पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम के बीच तुलना के बारे में बात करते हुए कहा कि, ‘बाबर आजम बस इसलिए लगातार रन बना रहे हैं क्योंकि वो सही तकनीक का उपयोग कर रहे हैं। वो अभी भी काफी फिट है और भूखे भी। वो अभी भी युवा कप्तान हैं और काफी तेजी से चीजें सीख रहे हैं। हालांकि इतनी जल्दी विराट कोहली और बाबर आजम के बीच में तुलना करना गलत होगा।