एशिया कप 2022: फाइनल से पहले सलमान बट पाकिस्तान टीम की बल्लेबाजी को लेकर काफी चिंतित हैं - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: फाइनल से पहले सलमान बट पाकिस्तान टीम की बल्लेबाजी को लेकर काफी चिंतित हैं

यह कैसा मिडिल आर्डर है? कभी मोहम्मद नवाज को ऊपर बल्लेबाजी करने को भेज दिया जा रहा है और कभी शादाब खान को: सलमान बट

Salman Butt
Salman Butt. (Photo Source: Twitter)

एशिया कप 2022 के फाइनल से पहले सलमान बट ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को लेकर चिंता व्यक्त की है। बता दें पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच 11 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में फाइनल मैच खेला जाएगा। सलमान बट का मानना है कि बाबर आजम बड़ा स्कोर नहीं बना पा रहे हैं जिसकी वजह से टीम के बाकी खिलाड़ी भी अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे हैं।

सुपर-4 मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम 121 पर ऑल आउट हो गई जिसके बाद श्रीलंका ने इस लक्ष्य को 17 ओवर के भीतर ही बना लिया।

सलमान बट ने पाकिस्तानी बल्लेबाजी को लेकर अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि, ‘टीम की बल्लेबाजी को लेकर मैं बहुत चिंतित हूं। बाबर आजम के लिए यह टूर्नामेंट काफी खराब रहा है। यही नहीं जब भी मोहम्मद रिजवान जल्दी आउट हुए हैं तब ऐसा लगा है कि मिडिल ऑर्डर के पास कोई भी प्लान नहीं है।’

उन्होंने आगे कहा कि, ‘यह कैसा मिडिल आर्डर है? कभी मोहम्मद नवाज को ऊपर बल्लेबाजी करने को भेज दिया जा रहा है और कभी शादाब खान को। टीम के पावर हिटर बल्लेबाज सिर्फ नाम के हैं। ऐसा लगता है कि उन्होंने यह सोच लिया है कि उनकी भूमिका बस आखिरी के दो-तीन ओवरों में ही रन बनाने की है।

अगर उनकी यह मानसिकता है तो यह काफी खराब है और भविष्य में यह बिल्कुल भी मदद नहीं करेगी। इन सभी खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और यह सब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन करने का दम रखते हैं।’

बाबर आजम को लेकर सलमान बट ने कही ये बात

बता दें, पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने इस टूर्नामेंट के पांच मुकाबलों में 12.60 के औसत से 63 रन बनाए हैं। बट ने आजम को लेकर कहा कि, ‘बाबर इस समय खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी में लय नहीं  है। ऐसा लगता है कि वो जब रन नहीं बनाते हैं तब उनके ऊपर दबाव आ जाता है। वो काफी लंबी समय से टीम के लिए रन बनाते आ रहे हैं और मुझे पूरी उम्मीद है कि वो आगे भी बनाते रहेंगे।

पाकिस्तान को आदत हो गई है कि बाबर ही हमेशा रन बनाएंगे, लेकिन सवाल यह उठता है कि अगर बाबर रन नहीं बनाते हैं तो उनकी जगह कौन रन बनाएगा।?

close whatsapp