पाकिस्तान के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने डेनियल विटोरी को स्पिन गेंदबाजी सलाहकार के रूप में नियुक्त किया
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच एकदिवसीय सीरीज की शुरुआत 29 मार्च से की जाएगी।
अद्यतन - मार्च 21, 2022 7:17 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया की टीम लम्बे समय के बाद पाकिस्तान दौरे पर है और मौजूदा समय कंगारू टीम पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला खेल रही है। टेस्ट सीरीज के बाद दोनों टीमें तीन एकदिवसीय और एकमात्र टी-20 मैच खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया ने कोचिंग स्टाफ को लेकर एक फैसला लिया है, जिसमें न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान डेनियल विटोरी को स्पिन गेंदबाजी के सलाहकार के रूप में नियुक्त किया है।
विटोरी इससे पहले 2019 से 2021 के बीच बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम में स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में काम किया है। उन्होंने न्यूजीलैंड की अंतरराष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विटोरी ने अपने करियर में टीम के लिए 295 एकदिवसीय मैचों में 305 विकेट हासिल किये हैं जबकि टेस्ट क्रिकेट में 113 मैचों में 362 विकेट चटकाए हैं। विटोरी के पास टी-20 लीग का भी अनुभव है उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग और कैरेबियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और बारबाडोस रॉयल्स के लिए भी स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में काम किया है।
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच दो अभी तक दो टेस्ट मैच हो चुके हैं जिसमें दोनों टीमें 0-0 से बराबरी पर हैं। तीसरा टेस्ट मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जा रहा है जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टेस्ट सीरीज के बाद वनडे सीरीज की शुरुआत होगी जो 29 मार्च से खेली जाएगी।
वनडे सीरीज लाहौर में आयोजित की जाएगी
पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री शेख रशीद अहमद ने बताया कि लिमिटेड ओवर्स मैचों की सीरीज रावलपिंडी में स्थानांतरित करने के बाद लाहौर आगामी सीमित ओवरों की सीरीज की मेजबानी करेगा। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को सफेद गेंद की श्रृंखला के कार्यक्रम के समय अविश्वास मत का सामना करना पड़ सकता है, जो अगले सप्ताह शुरू हो रहा है।
आगामी सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम में कुछ बदलाव होने की संभावना है। टीम के लेग स्पिनर मोहम्मद नवाज को चोट के कारण सीमित ओवरों की सीरीज से बाहर कर दिया गया है। नवाज के स्थान पर जाहिद महमूद को टीम में शामिल किया गया है।