नूर अहमद ने बड़ा विकेट किया अपने नाम, पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम को महत्वपूर्ण समय पर वापस भेजा पवेलियन
बाबर आजम ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे इस मैच में 92 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 74 रनों की शानदार पारी खेली।
अद्यतन - अक्टूबर 23, 2023 5:10 अपराह्न

इस समय वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 22वां मुकाबला पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
इस मैच में पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेली। बाबर आजम ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे इस मैच में 92 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 74 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अफगानिस्तान के किसी भी गेंदबाज को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और इस मैच में जबर्दस्त बल्लेबाजी की।
बाबर आजम का विकेट इस मैच में नूर अहमद ने अपने नाम किया। मुकाबले के 42वें ओवर में नूर अहमद ने छोटी गेंद पर बाबर आजम को अपना शिकार बनाया। हालांकि, पाकिस्तान टीम के लिए अच्छी बात है कि बाबर आजम अब अपने अच्छे फॉर्म में वापस आ चुके हैं।
अभी तक वनडे वर्ल्ड कप 2023 में बाबर आजम अपने बेहतरीन फॉर्म में नजर नहीं आए हैं लेकिन इस मैच में उन्होंने काफी अच्छी बल्लेबाजी की। फिलहाल टीम को अगर अफगानिस्तान के खिलाफ मैच जीतना है तो उन्हें बड़ा स्कोर बनाना होगा।
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का किया फैसला
पाकिस्तान टीम के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। अभी तक उन्होंने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में कुल चार मैच खेले हैं जिसमें से दो में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान की ओर से इनफॉर्म सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक ने इस मैच में भी काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 75 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 58 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।
अफगानिस्तान भी इस मैच को अपने नाम करना चाहेगी। उन्होंने इंग्लैंड जैसी वर्ल्ड कप विजेता टीम को इस सीजन में मात दी थी। उन्हें भी अगर सेमीफाइनल में अपनी जगह बनानी है तो टीम को पाकिस्तान को हराना बेहद जरूरी है।