बाबर आजम पर आसिफ का आपत्तिजनक बयान, पाक कप्‍तान के पिता ने दिया करारा जवाब - क्रिकट्रैकर हिंदी

बाबर आजम पर आसिफ का आपत्तिजनक बयान, पाक कप्‍तान के पिता ने दिया करारा जवाब

आसिफ ने हाल ही में पाकिस्‍तान क्रिकेट टीम के कप्‍तान बाबर आजम को लेकर विवादित बयान दिया था।

Babar Azam & Asif (Photo Source: Twitter)
Babar Azam & Asif (Photo Source: Twitter)

पाकिस्‍तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्‍मद आसिफ अपने गेंदबाजी कौशल के साथ-साथ विवादों के कारण भी सुर्खियां बटोरते हैं। आसिफ ने हाल ही में पाकिस्‍तान क्रिकेट टीम के कप्‍तान बाबर आजम (Babar Azam) को लेकर विवादित बयान दिया था जिस पर बाबर के पिता की प्रतिक्रिया सामने आई है।

पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ ने दावा किया था कि वह आज भी बाबर को मेडन ओवर फेंक सकते हैं. इस बयान को आगे बढ़ाते हुए उन्‍होंने यह भी कहा था कि यदि कोई अच्‍छी गेंदें फेंकता है तो बाबर उन्‍हें हिट नहीं कर सकते। आसिफ के इस कमेंट पर बाबर के पिता आजम सिद्दीकी का जवाब आया है।

आजम ने साफ किया कि अंडर-16 के दिनों के दौरान बाबर ने आसिफ के प्रति सम्मान जताते हुए उनका ओवर मेडन खेला था क्योंकि पाकिस्तान के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने ZTBL ट्रायल के दौरान उनके बेटे को खेलते हुए देखने के बाद पाक टीम मैनेजमेंट से उन्‍हें ( बाबर को) चुनने के लिए कहा था। इसके साथ ही आजम ने पाकिस्‍तान के क्रिकेट फैंस से आसिफ के खिलाफ आक्रामक रुख न अपनाने का भी आग्रह किया है।

बाबर आजम को लेकर मोहम्मद आसिफ का हैरान करने वाला ट्वीट

आसिफ ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म X पर कहा, ‘मैंने बाबर आज़म को केवल दो गेंदों का सामना करते हुए देखने के बाद बाद ट्रायल में चुना था। आप उनके पिता से पूछ सकते हैं कि मैंने ZTBL ट्रायल में बाबर को चुना था। मैं उसे काफी ऊंचा रेट करता हूं। वह देश के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक है लेकिन वह पावरप्‍ले में काफी डॉट्स बॉल खेलते हैं इससे रिजवान पर दबाव बनता है। मैं आज भी टी20 क्रिकेट में बाबर आजम को मेडन ओवर फेंक सकता हूं। अगर आप उन्हें अच्छी गेंद फेंकते हैं तो वे गेंद को हिट नहीं कर सकते।’

गौरतलब है कि आसिफ को पाकिस्‍तान के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक माना जाता था लेकिन 2010 में स्‍पॉट फिक्सिंग के दोषी पाए जाने के बाद उनके करियर पर विराम लग गया था। इससे पहले वर्ष 2008 में ड्रग्स मामले में भी उनका नाम आया था जब अवैध ड्रग्स रखने के संदेह में उन्‍हें दुबई एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था।

विवादों को छोड़ दें तो आसिफ एक शानदार तेज गेंदबाज थे। वसीम अकरम, शोएब अख्‍तर जैसे महान तेज गेंदबाज भी उनकी गेंदबाजी के फैन थे। आसिफ ने 23 टेस्‍ट, 38 वनडे और 11 टी20 मैचों में पाकिस्‍तान का प्रतिन‍िधित्‍व किया। उन्होंने टेस्‍ट में 24.36 के औसत से 106, वनडे में 33.13 के औसत से 46 और टी20I में 26.38 के औसत से 13 विकेट अपने नाम किए हैं।

यह भी पढ़ें: Guyana Amazon Warriors ने पहली बार जीता CPL का ख़िताब

close whatsapp