बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले शिखर धवन और विराट कोहली को लेकर ये क्या बोल गए वसीम जाफर
वसीम जाफर का मानना है कि चैटोग्राम विकेट बल्लेबाजी के लिए अनुकूल होगा।
अद्यतन - दिसम्बर 9, 2022 7:35 अपराह्न

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और क्रिकेट पंडित वसीम जाफर ने कहा अब समय आ गया है कि टीम इंडिया के सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली और शिखर धवन बल्ले के साथ बांग्लादेश दौरे पर अपनी काबिलियत का परिचय दें।
आपको बता दें, भारतीय क्रिकेट टीम पहले ही पहले दो वनडे मैच हारने के बाद 0-2 से बांग्लादेश को सीरीज गंवा चुकी है, और इन दो मैचों में मेहमान टीम के बल्लेबाज बुरी तरह से संघर्ष करते हुए नजर आए। इसलिए बांग्लादेश के खिलाफ 10 दिसंबर को चैटोग्राम में खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम वनडे मैच में सीनियर बल्लेबाजों पर आखिरी मैच में टीम इंडिया को जीत दिलाने का दबाव बना हुआ है।
क्या अब भारत के शीर्ष क्रम में नहीं रहा दम?
इस बीच, वसीम जाफर का मानना है कि तीसरे वनडे के लिए चैटोग्राम विकेट बल्लेबाजी के लिए अनुकूल होगा, और विराट कोहली और शिखर धवन को इसका अधिक से अधिक फायदा उठाना चाहिए। पूर्व सलामी बल्लेबाज ने आगे कहा कोहली और धवन की क्षमता से तो हर कोई वाकिफ हैं, लेकिन अब उनके लिए फॉर्म में लौटने के लिए शतक लगाने का समय आ गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये दोनों अनुभवी बल्लेबाज बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में शतक लगाएंगे।
वसीम जाफर ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो के हवाले से कहा: “मुझे लगता है कि अब समय आ गया है कि कोहली और धवन शतक बनाना शुरू करें। चूंकि हम सभी को उनकी क्षमता के बारे में पता हैं, और जैसा कि मैंने कहा कि चटोग्राम में विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा होगा, इसलिए मैं तीसरे वनडे में कोहली और धवन दोनों से शतक की उम्मीद कर रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि हमें चटोग्राम में विराट कोहली और शिखर धवन दोनों को शतक लगाते हुए देखने का मौका मिलेगा।
अगर हम 2019 वर्ल्ड कप के आसपास के समय पर गौर करे, तो हम अपने शीर्ष तीन बल्लेबाजों रोहित शर्मा, शिखर धवन और विराट कोहली पर बहुत अधिक निर्भर थे, क्योंकि उस समय हमारा मध्य क्रम अच्छा नहीं था। लेकिन अब स्थिति बदल गई है। अगर हम पिछले 50-60 मैचों को देखें, तो हमारे शीर्ष तीन बल्लेबाजों में से केवल किसी एक ने शतक लगाया है, जबकि हमारे मध्यक्रम ने अच्छा प्रदर्शन किया है।”